नई खेल नीति ने उत्साह बढ़ाया, नीरज ने सिल्वर पाया

देहरादून, अमृत विचार: उत्तराखंड सरकार द्वारा खिलाड़ियों के लिए घोषित योजनाओं और प्रोत्साहनों ने मुझे एक नई ऊर्जा दी। धामी सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को नगद पुरस्कार और सरकारी नौकरी देने की घोषणा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया है। सरकार की इन नीतियों से प्रेरित होकर मैंने 38वें राष्ट्रीय खेल की वूशु स्पर्धा में हिस्सा लिया और सिल्वर मेडल जीत लिया। यह कहना है खिलाड़ी नीरज जोशी का, जिन्होंने बेहद बुरे दौर से निकलकर सिल्वर मेडल जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
खेल की दुनिया के चमकते सितारे नीरज जोशी का सफर संघर्षों से भरा रहा है। आर्थिक हालातों ने घेरा तो कभी शारीरिक बाधा ने लेकिन मजबूत इच्छा शक्ति के आगे इनकी एक न चली और 38वें राष्ट्रीय खेल में उम्दा प्रदर्शन के बल पर नीरज ने शानदार वापसी की है। हल्द्वानी निवासी नीरज जोशी के पिता राजेश बल्लभ जोशी किसान हैं।
सीमित संसाधनों के बावजूद नीरज ने वूशु में अपना कॅरियर बनाने का सपना देखा और आठ वर्षों से देहरादून में रहकर प्रशिक्षण लिया। हालांकि, आर्थिक तंगी और चोटों के कारण उनका खेल कॅरियर कई बार संकट में आ गया। साल 2022 में पैर की हड्डी टूटने के बाद नीरज हताश हो गए थे। खेल से दूर जाने का विचार उनके मन में आने लगा था, लेकिन परिवार और कोच के समर्थन के चलते उन्होंने फिर से वापसी की। वर्ष 2023 में उन्होंने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर अपने खेल में सुधार किया। लेकिन गोवा में हुए राष्ट्रीय खेल 2023 में खेल सुविधाओं के अभाव के कारण वह केवल पांचवें स्थान पर रहे, जिससे वह निराश हो गए थे।
खिलाड़ियों को मिला मजबूत आधार
खिलाड़ी नीरज का मानना है कि उत्तराखंड सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं ने प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान किया है। उत्तराखंड सरकार की प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरी की नीति से प्रदेश के खिलाड़ियों को एक नई दिशा मिली है। इससे आने वाली पीढ़ी भी खेलों की ओर आकर्षित होगी और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। नीरज जोशी की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है। यह जीत प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी और राज्य के खेल क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेगी।
बता दें कि 38वें राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में उत्तराखंड के कई खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। इनमें नीरज जोशी का नाम प्रमुख है, जिन्होंने वूशु स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया।