Pratapgarh News : कलंक छिपाने को दुष्कर्मी ने कराया था किशोरी का गर्भपात, मिला भ्रूण
Pratapgarh, Amrit Vichar : मानधाता इलाके के एक गांव में एक अधेड़ ने उसके घर पर काम काज करने वाली पड़ोस की किशोरी के साथ महीनों से दुष्कर्म करता रहा। गर्भवती होने पर कलंक को छिपाने के लिए दुष्कर्मी ने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नहर में दफनाए गए भ्रूण को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मानधाता थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करती है। उसकी 14 वर्षीय किशोरी पड़ोस के एक अधेड़ व्यक्ति के यहां कामकाज करती थी। उक्त अधेड़ व्यक्ति उसके साथ 5 - 6 माह से दुष्कर्म करता रहा और जिससे किशोरी गर्भवती हो गई। 29 जनवरी को पीड़िता की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उसकी मां डाक्टर को दिखाने ले गई तो पता चला कि वह गर्भवती है। गर्भवती होने की जानकारी होने पर आरोप है कि दुष्कर्म करने वाले अधेड़, उसकी पत्नी व बेटे ने गर्भपात कराने के लिए दवा खिलाया। भ्रूण को नहर में दफना दिया।
पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मानधाता पुलिस नहर में भ्रूण की जानकारी होने पर रात भर वहां चारपाई बिछाकर रखवाली करती रही।शुक्रवार दोपहर में नायब तहसीलदार आनंद कुमार यादव की मौजूदगी में दफनाए गए भ्रूण को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आरोपी सुरेश उर्फ पुल्लू को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसओ मानधाता सुभाष कुमार यादव ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
आखिर कहां से आई गर्भपात की दवा
किशोरी के साथ हुई घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता की मां की तहरीर के बाद हरकत में आई पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अब सवाल यह है कि पीड़िता का गर्भपात कैसे कराया गया। उसकी दवा कहां मिली और उसे दिलाने में कौन लोग शामिल रहे। चर्चा है कि अगर जांच हुई तो अन्य आरोपी भी सामने आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें- Raebareli News : बाहर की दवा लिखने का वीडियो बनाना पड़ा भारी, कमरे में बंद कर पीटा
