मॉर्डन पेंटाथलॉन के पहले दिन उत्तराखंड की झोली में पांच पदक 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: 38 वें राष्ट्रीय खेलों में शनिवार को मॉर्डन पेंटाथलॉन प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता के तहत पहले दिन लेजर रन का आयोजन किया गया, जिसमें पुरुष और महिला वर्ग की दो-दो हीट हुई। पुरुष वर्ग में उत्तराखंड को एक गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल मिला। जबकि महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत दो मेडल (1 गोल्ड व 1 ब्रॉन्ज) हासिल हुए हैं। सुबह 10 बजे से प्रतियोगिता की शुरुआत हुई, जिसमें सबसे पहले महिला वर्ग की दो हीट आयोजित की गई।

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स के तरणताल के पास स्थित मैदान में लेजर शूटिंग के लिए सेटअप लगाया गया था। जबकि रनिंग के लिए शूटिंग स्थल से सड़क तक 600 मी. का ट्रैक बनाया गया था। लेजर रन के तहत खिलाड़ियों को लेजर गन से चार राउंड शूटिंग करनी थी और 3 किमी. दौड़ पूरा करने के लिए ट्रैक के पांच राउंड लगाने थे। शाम को हुए मिश्रित रिले लेजर रन में भी उत्तराखंड की टीम ने अपने दमदार प्रदर्शन से गोल्ड मेडल अपने नाम किया। टीम के लिए सभी खिलाड़ियों ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया।  


मॉर्डन पेंटाथलॉन में शामिल पांच प्रतियोगिताएं-
मॉर्डन प्रतियोगिता के तहत पांच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना है, जिसमें लेजर रन, ट्राइथल, बाइथल, फेंसिंग और स्विमिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। पहले दिन लेजर रन का आयोजन किया गया। आज रविवार ट्राइथल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

संबंधित समाचार