उत्तराखंड पुलिस की ममता ने प्रदेश की झोली में डाला गोल्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: 38 वें राष्ट्रीय खेलों में अपने शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड पुलिस के सिपाही भी  प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं। मॉर्डन पेंटाथलॉन के पहले दिन लेजर रन में उत्तराखंड पुलिस के सिपाहियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश की झोली में गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल डाले हैं। बागेश्वर गरुण के पिंगलौं गांव की रहने वाली ममता खाती उत्तराखंड पुलिस में हैं। वह वर्तमान में अल्मोड़ा में तैनात हैं। उन्होंने लेजर रन में प्रदेश के लिए गोल्ड जीता है। वह 2016 में उत्तराखंड पुलिस में भर्ती हुई थी, जिसके बाद से लगातार ट्रेनिंग कर रही हैं। हालांकि पुलिस विभाग में आने से पहले भी वह एथलीट रही हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस में आने के बाद उन्हें अपनी ट्रेनिंग के लिए बहुत सहयोग मिला। वह इससे पहले सीनियर नेशनल में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं और पिछले साल चीन के इंटरनेशनल टूर में भी टॉप 4 पर रही थी। उन्होंने ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स में भी कांस्य पदक जीता है। उनके पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि भाई भी भारतीय सेना में है।

इधर, पुलिस के एडिशनल एसआई लाल सिंह ने भी लेजर रन में कांस्य पदक जीता है।  पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट के लाल सिंह ने इससे पहले देहरादून में हुई ऑल इंडिया पुलिस मैराथन 2017  में रिकॉर्ड समय (2 घंटा 21 मिनट) के साथ गोल्ड मेडल जीता था। जिसे पिछले साल ही तोड़ा गया है। उनके नाम ऑल इंडिया पुलिस के 1 गोल्ड, 1 सिल्वर सहित कुल 6 मेडल हैं।  लाल सिंह वर्तमान में देहरादून में तैनात हैं। उनके परिवार में माता-पिता, भाई-बहन के साथ ही पत्नी और 5 साल का एक बच्चा है। लाल सिंह ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा करना है तो खेलों और फिटनेस का नशा करो।  

 

संबंधित समाचार