अयोध्या: बोर्ड परीक्षा के बाद कॉलेजों में छात्रों के लिए लगेगी काउंसलिंग चौपाल
विशेषज्ञों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को दी जाएगी जानकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश
अयोध्या, अमृत विचार: बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से शुरू हो रही है। इसके बाद विद्यार्थियों को करियर से जुड़ी जानकारी देने के लिए माध्यमिक विद्यालयों में काउंसलिंग सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इसमें छात्रों को विशेषज्ञों के माध्यम से सही दिशा में करियर बनाने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही इसके लिए अपेक्षित सहयोग करने की भी योजना है।
बोर्ड परीक्षाओं के बाद काफी संख्या में 10वीं और 12वीं पास विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए अपनी राह तय करते हैं। कई बार सही जानकारी के अभाव में वे परेशान होते हैं। खासकर ग्रामीण परिवेश के छात्र और अभिभावकों को इससे जुड़ी सही जानकारी नहीं मिल पाती है। इसे देखते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से यह पहल की गई है। विभाग बोर्ड परीक्षाओं के बाद करियर काउंसलिंग सत्रों का आयोजन करेगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ युवाओं को मेडिकल, इंजीनियरिंग, विधि, शिक्षा आदि क्षेत्रों में करियर बनाने और इसके लिए आवश्यक योग्यता, प्रक्रिया आदि की जानकारी देंगे।
विभाग की ओर से पहले से चलाए जा रहे पंख पोर्टल पर इसके लिए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन भी कराया जा रहा है। विभाग का यह भी प्रयास है कि इसमें कुछ पूर्व छात्रों को भी जोड़ा जाए, खासकर उन्हें जो विभिन्न उद्यम चला रहे हैं। ऐसे में इनके माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के बाद काउंसलिंग के लिए निर्देश आए हैं। इसके लिए कॉलेज वार योजना तैयार कर व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि विषय विशेषज्ञों की सूची बनाए जाने के लिए कॉलेजों से ब्यौरा मांगा गया है।
ये भी पढ़ें- अयोध्या: राम मंदिर के निकास द्वार पर दुकान में लगी आग, मचा हड़कंप
