फतेहपुर में कंबल वितरण के दौरान भाजपा नेता की गाड़ी पर पथराव; शीशे टूटे... 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर, अमृत विचार। किशनपुर थानाक्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत गढ़ा में कंबल वितरण कर लौट रहे भाजपा नेता की गाड़ी पर लोगों ने पथराव कर दिया। जिससे भाजपा नेता की गाड़ी के शीशे टूट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। 

रविवार को गढ़ा ग्राम पंचायत के पोखरी गांव में स्थानीय विधायक कृष्णा पासवान द्वारा कम्बल वितरण का कार्यक्रम रखा गया था। जिसमें भाजपा के मंडल महामंत्री व स्थानीय नेता रवी तिवारी भी मौजूद थे। देर शाम कार्यक्रम खत्म करने के बाद विधायिका कृष्णा पासवान का काफिला वापस लौट रहा था।

विधायिका के काफिले में भाजपा के मंडल महामंत्री रवी तिवारी की गाड़ी भी पीछे लगी थी। इसी दौरान अराजकतत्वों द्वारा काफिले पर पथराव शुरू कर दिया गया। काफिले में पथराव होने के बाद भाजपा नेता रवी तिवारी की गाड़ी हमले का शिकार हो गई।

पथराव में भाजपा नेता रवी तिवारी की गाड़ी के शीशे टूट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। वहीं चर्चा है कि कम्बल वितरण के दौरान स्थानीय युवक द्वारा अपने दरवाजे कंबल वितरण को लेकर कहासुनी हुई थी। युवक कंबल वितरण करने वाले स्थान पर नाराजगी जता रहा था। 

मामले में किशनपुर थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि अभी किसी भी प्रकार की कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार