इटावा में डबल मर्डर से फैली सनसनी: रिटायर्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी के बेटे ने अपनी बहन और भांजी को उतारा मौत के घाट...इस बात से था नाराज

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

इटावा, अमृत विचार। फ्रेंड्स कालोनी थानाक्षेत्र के अंतर्गत महेरा चुंगी के पास रविवार की रात को भाई ने प्रॉपर्टी के विवाद के चलते अपने पुत्रों व पत्नी के साथ मिलकर बहन व तीन साल की भांजी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात में बहनोई भी गोली लगने से घायल हो गया। देर रात हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बहनोई की तहरीर पर पुलिस ने भाई दो भतीजे व भाभी के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। बाद में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से तीन तमंचा व कारतूस बरामद हुये।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि महेरा चुंगी अलका पुरी निवासी रिटायर्ड सीएमओ लवकुश सिंह चौहान ने अपनी बेटी ज्योति चौहान पत्नी राहुल मिश्रा को अपनी जमीन में से 25 बीघा जमीन व मकान उसके नाम कर दिया था। वह अपने पिता के पास रहकर उनकी सेवा कर रही थी। उसक पति लखनऊ में वकील है। वह दस दिन में आते जाते रहते है। 

ज्योति के नाम जमीन व मकान कर देने से उसका भाई हर्षवर्धन सिंह चौहान रंजिश रखता था। उसने इस सम्बंध में कोर्ट में भी वाद दायर किया था। था। रविवार की रात को सभी अपने घर में सो रहे थे तभी हर्षवर्धन अपने दो बेटों व पत्नी के साथ पहुंचा और उसने ज्योति व उसकी तीन साल की मासूम बेटी तस्विका की गोली मार कर हत्या कर दी। 

बहनोई राहुल मिश्रा बचाने आए तो उनके ऊपर भी फायर किया। गोली उनके हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए। शाम मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुचे तो हमलावर भाग निकले। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हर्षवर्धन सिंह उनकी पत्नी बेटों अभिषेक प्रताप तथा कृष्ण प्रताप सिंह के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

एसएसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया था। तभी मुखबिर ने सूचना दी आरोपी कहीं भागने की फिराक में देशरमऊ जाने वाले रोड पर हाइवे के अंडर पास के पास खड़े है। इस सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से तीन तमंचा कारतूस व बाइक बरामद हुई। 

पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम हर्षवर्धन सिंह चौहान पुत्र लवकुश सिंह चौहान, अभिषेक प्रताप सिंह पुत्र हर्षवर्धन सिंह चौहान व कृष्ण प्रताप सिंह पुत्र हर्षवर्धन सिंह चौहान निवासीगण ग्राम जगसौरा थाना जसवंतनगर हाल पता करमगंज महेरा चुंगी गुप्ता पेट्रोल पंप के पास थाना फ्रेंड्स काॅलोनी व एक महिला आरोपी शामिल है। एसएसपी ने बताया कि पहले भी ज्योति के साथ मारपीट कर चुके है। 
 

बेटी की सेवा से खुश होकर दिया था मकान व जमीन 

महेरा चुंगी निवासी लवकुश सिंह चौहान रिटायर्ड सीएमओ है। उनकी पत्नी की तीन साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उनके एक पुत्र व दो पुत्रियां है। पत्नी की मृत्यु के बाद उनकी एक बेटी ज्योति उनकी सेवा कर रही थी। जबकि बेटा हमेशा क्लेश करता रहता था। बेटी को भविष्य में कोई परेशानी न हो इस कारण से उन्होंने महेरा चुगी वाला मकान और अपनी 75 बीघा जमीन में से 25 बीघा जमीन अपने बेटी ज्योति के नाम कर दी थी। वह अपनी बेटी के साथ ही रहते थे। उन्होंने मकान में एक कमरा बेटे हर्षवर्धन को भी दे रखा था। 

ज्योति के नाम मकान व जमीन कर देने से हर्षवर्धन उससे रंजिश रखने लगा  था। वह आए दिन उससे विवाद करने लगा था। लेकिन ज्योति अपने पापा के पास ही रहने की जिद कर रही थी। उसे अंदेशा था कि उसके पिता बाकी की जमीन भी ज्योति के नाम न कर दें। इस कारण से उसने ज्योति व उसकी बेटी का रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया और उन दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी।

ये भी पढ़ें- Kanpur: रतनपुर पनकी में बनेगा नगर निगम का मैरिज हॉल, इतने करोड़ रुपये होंगे खर्च... शासन ने मांगी संशोधित डीपीआर

संबंधित समाचार