मुरादाबाद: सिपाही नागरिक पुलिस भर्ती की दौड़ में 97 महिला अभ्यर्थी फेल, 478 ने ले लिया हिस्सा
मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार की सुबह 9वीं वाहिनी पीएसी के मैदान का नजारा एकदम बदला दिखाई दिया, जहां सिपाही नागरिक पुलिस की दौड़ परीक्षा में शामिल होने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंची महिला अभ्यर्थियों में गजब का उत्साह दिखाई दिया।
सुबह चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश दिया गया। जिसके बाद दौड़ कराई गई। परीक्षा में सेंधमारी रोकने के लिए भी पुलिस द्वारा जबरदस्त इंतजाम किए गए थे। एसएसपी सतपाल अंतिल के अलावा एसपी ट्रैफिक खुद मैदान पर मौजूद रहकर लगातार हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए थे। इसके अलावा मुख्यालय से भी ऑनलाइन मानीटरिंग की जा रही थी।
सोमवार को 500 महिला अभ्यर्थियों को दौड़ परीक्षा में शामिल होना था। इनमें से 478 महिला अभ्यर्थियों ने दौड़ में प्रतिभाग किया। इस दौरान 381 महिला अभ्यर्थी ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर दौड़ पूरी कर सकीं। जबकि 97 दौड़ में फेल हो गईं। एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया लगातार 25 फरवरी तक जारी रहेगी। सोमवार को गैरहाजिर महिला अभ्यर्थियों को दौड़ की परीक्षा देने के लिए दो दिन का समय दिया गया।
पांच महिला अभ्यर्थी हुईं बेहोश, एक हायर सेंटर रेफर
उत्तर प्रदेश सिपाही नागरिक पुलिस की दौड़ परीक्षा 90वीं वाहिनी पीएसी के मैदान में आयोजित की गई। जिसमें 478 महिला अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। मैदान पर सुबह 5:00 बजे से ही अभ्यर्थियों की कतारें लगना शुरू हो गई थीं। सुबह 7 बजे महिला अभ्यर्थियों की दौड़ शुरू हुई। भर्ती प्रक्रिया में महिला के बाद पुरुष अभ्यर्थियों का फिजिकल होगा।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार को भर्ती प्रक्रिया के फिजिकल के लिए गठित टीम का इंचार्ज बनाया है। दौड़ के दौरान पांच लड़कियां अचानक बेहोश हो गई। आनन-फानन में बेहोश हुई महिला अभ्यर्थियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक युवती की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद डिपो से दिल्ली व मेरठ की बसों का संचालन शुरू
