Bareilly: कैसै हो सड़क चौड़ी? बीच में आए 15 धर्मस्थल...कई लोगों का हटेगा निजी अतिक्रमण
बरेली, अमृत विचार : मॉडल टाउन इलाके में सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम के अफसर एक तरफ सड़क चौड़ी करने के लिए लोगों के निजी अतिक्रमण हटाने की तैयारी कर रहे हैं तो दूसरी तरफ करीब 15 धर्मस्थलों ने उनके सामने पसोपेश के हालात खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सड़क की सीमा में बने इन धर्मस्थलों को हटाए बगैर सड़क चौड़ी करने के उपाय तलाशे जा रहे हैं। हालांकि इसके बगैर हर जगह सड़क की चौड़ाई 24 मीटर रखना भी मुश्किल माना जा रहा है।
सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट के तहत मॉडल टाउन में 34 सौ मीटर सड़क को 24 मीटर चौड़ा किया जाना है। बिजली की लाइनों को अंडरग्राउंड कर सड़क के साथ फुटपाथ भी बनाया जाना है। फिलहाल कुष्ठ आश्रम रोड पर सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है। डीडीपुरम मोड़ पर सीवर लाइन के लिए खुदाई की जा रही है। इसके बाद महर्षि कश्यप चौक से डेलापीर चौराहे तक सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ और पौधरोपण के साथ अन्य जनसुविधाओं के लिए काम किया जाना है। अतिक्रमण के कारण फिलहाल कई जगह सड़क को 24 मीटर चौड़ा किया जाना संभव नहीं हो पा रहा है।
सड़क को चौड़ा करने की राह में लोगों का निजी अतिक्रमण तो बाधा बन ही रहा है, 15 धर्मस्थल भी रास्ते में बने हुए हैं। इनमें महर्षि कश्यप चौक के पास ही सड़क से सटे 11 धर्मस्थल है। सड़क की दूसरी ओर तीन और डीडीपुरम मोड़ पर एक धर्मस्थल बना हुआ है। सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट के तहत फुटपाथ, सीवर और अंडरग्राउंड बिजली की लाइन के साथ इस पूरे इलाके में सड़क के लिए 24 मीटर की चौड़ाई नहीं बन पा रही है। अफसर धर्मस्थलों को हटाए बगैर मानकों के मुताबिक सड़क चौड़ी करने के विकल्प तलाश कर रहे हैं। दरअसल, इससे पहले भी एक बार सड़क चौड़ीकरण किया जा चुका है। धर्मस्थलों की वजह से तब भी कुछ जगह फुटपाथ नहीं बन सका था। इन्हें हटाने की कोशिश की गई तो विरोध शुरू हो गया था।
चीफ इंजीनियर ने कहा- बचाएंगे पुराने धर्मस्थल
बरेली: मुख्य अभियंता मनीष कुमार अवस्थी ने पुराने धर्मस्थलों को सुरक्षित रखने की बात कही है। उन्होंने बताया कि सीएम ग्रिड के प्रोजेक्ट के काम के दौरान कानपुर समेत कई और शहरों में भी पुराने धर्मस्थलों को सुरक्षित रखा गया है। इन्हीं शहरों की तरह यहां भी कोशिश की जाएगी कि किसी धर्मस्थल पर कोई कार्रवाई न हो। अगर किसी जगह अनधिकृत रूप से कुछ है तो उसके बारे में विचार किया जाएगा। किसी भी जगह पुराने हरे पेड़ भी नहीं हटाए जाएंगे।
मॉडल टाउन में दूसरे दिन भी पेयजल आपूर्ति ठप
बरेली: डीडीपुरम मोड़ पर सीवर लाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान रविवार को पाइप लाइन दो जगह टूट जाने से मॉडल टाउन में पानी की सप्लाई ठप हो गई थी जो सोमवार को दूसरे दिन भी चालू नहीं हो पाई। पानी की किल्लत की वजह से कॉलोनी के लोग पूरे दिन दिक्कतें झेलते रहे। नगर निगम के जलकल विभाग के कर्मचारियों पाइप लाइन की मरम्मत जरूर चालू कर दी थी। देर शाम तक पाइप लाइन ठीक होने की संभावना जताई जा रही थी।
यह भी पढ़ें- Bareilly: बैंक में गार्ड ने युवक का बंदूक की बट मारकर फोड़ा सिर, कार्रवाई की मांग
