प्रीपेड मीटर का विरोध, ठेकेदार और अधिकारी मौके से फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार: ग्रामीण क्षेत्र लुटाबड़ में प्रीपेड विद्युत मीटर लगाए जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध किया। मंगलवार को जब यह खबर मिली कि ऊर्जा विभाग लुटाबड़ में प्रीपेड मीटर लगाने जा रहा है तो कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं को देख मीटर लगाने वाले ठेकेदार और ऊर्जा निगम के अधिकारी मौके से नदारद हो गए।


 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभागीय कार्यालय पर प्रदर्शन कर प्रीपेड मीटर लगाए जाने का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ठेकेदार के लोग ग्रामीणों को बहलाने-फुसलाने और आर्थिक लालच देने के साथ-साथ पुलिस बुलवाने की भी धमकी दे रहे हैं। लुटाबड़ गांव में जबरन मीटर लगाए जाने से ग्रामीणों में गुस्सा है, जिसे देखते हुए कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत और भुवन चंद्र पाण्डे के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। चेतावनी के बाद ठेकेदार के कर्मचारी मीटर लगाने के लिए नहीं पहुंचे। इसके बाद गुस्साए कार्यकर्ता बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे, जहां अधिशासी अभियंता की गैरमौजूदगी में उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया। 


 इस दौरान रणजीत सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में महंगी बिजली बेचने के साथ-साथ गरीबों का उत्पीड़न भी कर रही है। जिसे किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर क्षेत्र में कहीं भी जबरन प्रीपेड मीटर लगाए गए तो उन्हें तोड़कर लोगों को इससे मुक्ति दिलाई जाएगी। प्रदर्शन के दौरान बबलू तिवारी, मोईन खान, प्रशांत पाण्डे, जरीफ सैफी, महेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट, यूसुफ सिद्दीकी, प्रखर पांडे, गाजी करीम, धीरज उपाध्याय, उमाकांत ध्यानी, भुवन शर्मा, मोंटी नेगी, जावेद खान, चांद खां, महेंद्र आर्य, आफाक हुसैन सहित कई कांग्रेसी शामिल रहे।

 

संबंधित समाचार