चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर, पास वालों को ही स्टेडियम में एंट्री

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार : 38वें राष्ट्रीय खेल के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शहर पहुंचने वाले हैं। इससे पहले पुलिस ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। शहर के कोने-कोने में चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक हजार से ज्यादा पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ पीएसी और सीएपीएफ को मैदान में उतारा जा रहा है। 

 

एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश, होटल, ढाबों, सार्वजनिक स्थानों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, रोडवेज, बस, टैक्सी और टैम्पों स्टैंड आदि स्थानों में लगातार सघन चेकिंग कर रही है। बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन हो रहे हैं। जिले बम निरोधी दस्ते तथा डॉग स्क्वॉड की टीमें लगातार अर्लट मोड पर हैं। समापन कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिले के साथ अंतरजनपदीय पुलिस बल की तैनाती की गयी है। जिसमें 8 आईपीएस, 9 अपर पुलिस अधीक्षक, 23 पुलिस उपाधीक्षक, 75 निरीक्षक, 250 एसआई व एएसआई, 800 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 4 कंपनी पीएसी, 3 कंपनी सीएपीएफ और 150 होमगार्ड की तैनाती की जा रही है। इसके अतिरिक्त जनता की सुविधा को देखते हुए शहर में व्यवस्थित आवागमन के लिए यातायात डार्यवर्जन प्लान, शटल सेवा व्यवस्थापन, वाहनों की पार्किग व्यवस्था की गयी है। साथ ही समापन समारोह में सम्मिलित होने के लिए निर्धारित पास लेकर जाना अनिवार्य है।

38वें राष्ट्रीय खेल के समापन के दौरान असुविधा से बचने के लिए करें इन नियमों का पालन

1. पास की व्यवस्था- प्रशासन ने एसडीएम कार्यालय से पास जारी किए जा रहे हैं। कृपया अपनी पहचान के अनुसार पास प्राप्त करें। निर्धारित पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा।  

2. पार्किंग और प्रवेश- निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें। निर्धारित प्रवेश द्वार से प्रवेश की अनुमति होगी।  

3. सुरक्षा के नियम- आयोजन स्थल पर सुरक्षा जांच के लिए प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें। 

4. आम जनमानस के लिए सुविधा- जिला प्रशासन ने चिह्नित स्थानों पर खेल समापन समारोह का लाइव प्रसारण किया जा रहा है। आप इन स्थानों से भी खेल समापन समारोह का आनंद ले सकते हैं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।  

5. किसी भी संदिग्ध की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9412087770 में दें। भ्रामक सूचना देने पर प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।

संबंधित समाचार