अमरोहा: आम के बाग में जुआ खेल रहे जुआरियों के बीच मारपीट के बाद हंगामा
गजरौला, अमृत विचार। आम के बाग में जुआ खेल रहे जुआरियों के बीच बुधवार की शाम जमकर मारपीट हुई। शोर शराबा होने पर आसपास नर्सरी में काम कर रहे लोग दौड़कर वहां पहुंचे। एक युवक ने घटनाक्रम का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। पुलिस घटना से अंजान बनी है।
गजरौला-हसनपुर मार्ग पर स्थित आम के एक बाग में खुलेआम जुआ हो रहा है। अमरोहा ही नहीं बल्कि संभल, मुरादाबाद समेत कई जनपदों से जुआरी वहां जुआ खेलने आते हैं। खास बात तो यह है कि पुलिस रोजाना लाखों रुपये के होने वाले जुए से अंजान है। जबकि वहां आसपास के लोग जुआ रोकने के लिए कई शिकायतें कर चुके हैं। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पुलिस किसी बड़ी घटना के होने का इंतजार कर रही है। बुधवार की शाम हार जीत के लेकर जुआरियों के दो गुटों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर दोनों गुटों के बीच मारपीट हो गई। जिससे वहां भगदड़ मच गई। हंगामा होने पर जुआ खेलने वाले कुछ लोग मौके से फरार हो गए। आसपास के लोग जमा हुए तो मारपीट करने वाले भी मौके से फरार हो गए। लोगों के मुताबिक जुआ खेलने में स्थानीय कई लोग भी शामिल हैं। प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।
