यहां गुलदार के हमले में युवक की मौत
नानकमत्ता, अमृत विचार: टुकड़ी गांव निवासी 30 वर्षीय परमजीत सिंह को जंगल में मवेशी चराने के दौरान गुलदार ने हमला कर मार डाला। घटना के बाद शव का पता जौलासाल वन क्षेत्र के जंगल में लगा, जहां पुलिस और वन विभाग की टीम ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार गत दिवस परमजीत सिंह मवेशी चराने जंगल में गया था, लेकिन शाम को मवेशी घर वापस लौट आए, जबकि परमजीत घर नहीं पहुंचा। इस पर परिवारजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
जब कहीं से उसका पता नहीं चला, तो सुबह गुरुद्वारा से घोषणा की गई और गांव के लोग जंगल की ओर तलाश करने निकले। गुरुवार सुबह जौलासाल वन क्षेत्र में उसकी अधखाई लाश मिली, जिससे गुलदार द्वारा हमला किए जाने की पुष्टि हुई। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परमजीत तीन भाईयों में तीसरे नंबर का था। वह अपने माता-पिता और दो भाईयों के साथ रहता था। इस घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर है। पुलिस और वन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
