जबरन शारीरिक शोषण करने का लगाया आरोप
काशीपुर, अमृत विचार: एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और उसके दोस्त द्वारा दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। युवती ने कहा कि दोनों उसकी अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह यहां अपनी खाला के घर पर रहती है। उसकी खाला की देवरानी के बेटे अरशद ने शादी का झांसा देकर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। इस दौरान वह ब्लैकमेल कर उसे अपने दोस्त के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने को लेकर विवश करता था। बताया कि बीती 17 जनवरी को अरशद और उसके दोस्त सलमान ने फोन कर उसे चीमा चौराहे पर बुलाया। जिसके बाद दोनों उसे कार में बैठाकर ईदगाह रोड के आसपास सुनसान जगह ले गए।
जहां पहले अरशद ने कार में जबरन शारीरिक संबंध बनाए। उसके बाद उसके दोस्त सलमान ने भी दुष्कर्म करने की कोशिश की। मना करने पर दोनों ने उसे मारा-पीटा और वीडियो बना ली। दोनों वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे। जैसे-तैसे वह अपनी जान बचाकर वहां से भागी। कोतवाल अमर चंद्र शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
