बाराबंकी: युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप
सूरतगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में एक किशोरी का शव शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला। मृतका के गले पर निशान देखा गया, जिससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। भाई ने गांव के कुछ लोगों पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम चंदसिहाली निवासी सूरज सिंह पुत्र राम दुलारे ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह शुक्रवार को ससुराल गया हुआ था। घर पर पत्नी गीता और सोलह वर्षीय बहन गायत्री मौजूद थी। देर रात पत्नी ने फोन पर सूचना दी कि उसके कमरे को बाहर से बंद कर ननद गायत्री की हत्या गांव के ही कुछ लोगों ने कर दी है। आरोप है कि हत्या से पहले उसके संग दुष्कर्म भी किया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सूरज सिंह ने थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूरतगंज चौकी इंचार्ज श्रीराम शुक्ला के साथ पहुंचे इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। तहरीर के आधार पर नौ लोगों के विरुद्ध हत्या, दुष्कर्म व पास्को एक्ट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें- बाराबंकी: युवती ने शादी से इनकार किया तो युवक ने अश्लील तस्वीरें की वायरल, मुकदमा दर्ज
