बाराबंकी: अचानक भड़की आग से तीन घर और हजारों की गृहस्थी राख, एक बछड़े की झुलसकर मौत...दो भैंस गंभीर   

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिले में आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में चार छप्परनुमा घर व उनमें रखा हजारों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। एक जगह पर आग से झुलसे बछड़े की मौत हो गई तो दो भैंस की हालत गंभीर है। पीड़ित अब खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हैं।  

मसौली प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शाहपुर भीखा में यह घटना हुई। शनिवार को राम तीरथ पुत्र बेचेलाल, मोतीलाल पुत्र धनीराम और राम चंद्र खेत में काम करने गए थे। करीब 11 बजे इन लोगों के घरों में धुआं उठता देख गांव के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग की लपटें प्रचंड होती गईं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया।

तब तक रामतीरथ और मोती लाल का छप्पर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। रामचंद्र पुत्र राम जीवन के घर में रखी 5 हजार की नगदी, राशन, बिस्तर, चारपाई और कपड़े जलकर खाक हो गए। गनीमत यह कि पास में रखा गैस सिलेंडर में ब्लास्ट नहीं हुआ। सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान सूरज सिंह ने पीड़ितों को राशन एवं 2-2 हजार रुपये की सहायता दी।  

बनीकोडर प्रतिनिधि के अनुसार असंद्रा थाना क्षेत्र में देवीगंज नई सड़क मार्ग से करीब 500 मीटर दूर देवरी गांव के पास रामबरन रावत पुत्र स्व. सहजराम रावत का छप्परनुमा घर था। जिसमें शनिवार सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें देखकर ग्रामीण आग बुझाने लगे। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान रामबरन रावत की हजारों रुपये की गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। इसकी सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दी गई है।  

सिरौली गौसपुर प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को देर रात अचानक ग्राम टटेरवा मजरे परसा निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव के छप्पर में आग लग गई। आग इस कदर भयावह थी कि जब तक लोगों को घटना की जानकारी मिली, तब तक छप्पर में बंधे मवेशी गंभीर रूप से प्रभावित हो गए थे।

हादसे में एक बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई और दो भैंस गंभीर रूप से झुलस गईं, जिनका इलाज चल रहा है। पीड़ित को इस घटना में लगभग 80 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया लेकिन तब तक छप्पर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

ये भी पढ़ें- बाराबंकी: महादेवा मेले की तैयारियों का DM-SP ने किया निरीक्षण, कहा- सुरक्षा से लेकर सफाई तक की व्यवस्थाएं 24 घंटे में हों दुरुस्त

संबंधित समाचार