जिसके लिए पति छोड़ा, उस ठेले वाले ने शादीशुदा प्रेमिका को छोड़ा
हल्द्वानी, अमृत विचार : एक सात साल की बेटी, पति और पूरा का पूरा ससुराल, बावजूद इसके महिला एक ठेले वाले के प्यार में फंस गई। उसने घर से नगदी, जेवर समेटा और ठेले वाले प्रेमी के साथ फरार हो गई। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा समय तक टिका नहीं। दोनों में वाद-विवाद शुरू हो गए और कुछ दिन पहले प्रेमी वो जेवर और नगदी लेकर फरार हो गया, जिसे उसकी शादीशुदा प्रेमिका अपनी ससुराल से लाई थी। पीड़िता ने अब कोतवाली पुलिस से मदद मांगी है।
महिला का ससुराल टीपीनगर चौकी क्षेत्र में है। महिला का कहना है कि उसकी ससुराल के पास एक युवक रहता था, जो क्षेत्र में ठेला लगाता था। युवक भी शादीशुदा था। दो साल पहले उसकी ठेले वाले से मुलाकात हुई। बातचीत हुई और फिर यह सिलसिला चलता चला गया। युवक ने महिला को बताया कि उसकी अपनी पत्नी से नही बनती और जल्द ही दोनों का तलाक हो जाएगा।
उसने वादा किया कि वह उससे शादी करेगा। महिला ने ससुराल छोड़ प्रेमी के साथ रहने का फैसला कर लिया। प्रेमी ने उसे पति व ससुराल छोड़कर आने को कहा। झांसे में आकर वह परिवार छोड़कर युवक के पास चली गई। घर से भागने के बाद वह अपने संग दो लाख रुपए और 10 लाख के जेवर ले गई। प्रेमी ने उसे मुखानी में कमरा किराए पर लेकर रखा। उससे शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन कुछ समय बाद ही रिश्तों में तल्खी आने लगी। प्रेमी मारपीट करने लगा।
बीती 12 फवरी को उसने फिर मारपीट की और वह जेवर और नगदी लेकर भाग गया, जिसे महिला अपने ससुराल से लेकर आई थी। पीड़िता का कहना है कि युवक व उसकी पत्नी, महिलाओं को अपने झांसे में फंसाते हैं और रुपये वसूलकर भाग जाते हैं। एसएसआई रोहताश सागर ने बताया कि महिला की तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
