आखिरकार जिंदगी की जंग हार गया छात्र हिमांशु नेगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर,अमृत विचार: आदर्श कॉलोनी का रहने वाला इंटरमीडिएट का छात्र हिमांशु नेगी आखिरकार जिंदगी की जंग हार गया। बताया जा रहा है कि हल्द्वानी में अपनी दादी के घर जाकर छात्र ने आत्मदाह किया था और रुद्रपुर में पिछले पांच दिन से उसका उपचार चल रहा था। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बेसुध हो गई है।


आदर्श कॉलोनी वार्ड-30 किराए पर रहने वाली रेखा देवी के पति का कुछ साल पहले निधन हो गया था। पति की मौत के बाद पारिवारिक संपत्ति बंटवारे को लेकर भी आपसी विवाद चल रहा था। बताया कि रेखा अपने बड़े बेटे धीरज नेगी के साथ सिडकुल में नौकरी करती थी, जबकि छोटा बेटा 19 वर्षीय हिमांशु नेगी इंटरमीडिएट का छात्र था। बताया यह भी जा रहा है कि कुछ दिन पहले फेयरवेल पार्टी के लिए हिमांशु ने नये कपड़े भी मांगे थे, लेकिन परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए मां ने इंकार कर दिया।


इसके बाद से मानसिक अवसाद से गुजर रहा हिमांशु 13 फरवरी को हल्द्वानी स्थित अपने रिश्तेदारों के घर गया और पेट्रोल छिड़ककर दोपहर को आत्मदाह कर लिया। आनन-फानन में छात्र को हायर सेंटर रुद्रपुर लाया गया। जहां पिछले पांच दिन से छात्र हिमांशु प्राइवेट अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था और सोमवार की सुबह उपचार के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया। जिसकी सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

संबंधित समाचार