नौ ऑटो समेत 10 वाहन सीज, 27 से वसूले 10-10 हजार
हल्द्वानी, अमृत विचार : यातायात नियमों को ताक पर रखने वालों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर अभियान चलाया। अभियान चलाने से पहले ही चौराहों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। बनभूलपुरा समेत शहर के कई थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अभियान चलाते हुए 9 ऑटो समेत 10 वाहन सीज किए और सत्यापन न कराने वालों का 10-10 हजार रुपए का चालान काटा।
बता दें कि दो दिन पूर्व ही बनभूलपुरा पुलिस ने एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा के निर्देश पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चालाया था। इस अभियान में पुलिस के साथ पीएसी भी मौजूद थी। बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी संख्या में ऑटो व अन्य वाहन सीज किए थे। मंगलवार को कई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बार एसएसपी के निर्देश पर अभियान चालाया। थानाध्यक्ष बनभूलपुरा और काठगोदाम पुलिस टीम ने पीएसी के साथ मिलकर ऐसे ऑटो, ई-रिक्शा चालकों और अन्य को चेक किया गया, जिन्होंने सत्यापन नहीं कराया था और यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे।
बनभूलपुरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान 51 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 10 वाहन सीज किए। जिसमें 9 ऑटो और 1 मोटर साइकिल है। जबकि फड़ और फेरी लगाकर मार्ग अवरुद्ध करने वाले 24 फड़, फेरी लगाने वालों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत 10-10 हजार के कोर्ट चालान किए। काठगोदाम पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाते हुए 50 लोगों के सत्यापन कराए गए और 3 के विरुद्ध सत्यापन न कराने पर 10-10 हज़ार के कोर्ट चालान किए। इसके अतिरिक्त पुलिस अधिनियम के तहत 22 के खिलाफ चालानी कार्यवाही करते हुए 4,750 जुर्माना जमा कराया गया।
