यहां गुलदार ने छह वर्षीय बच्चे को किया घायल
धौलछीना, अमृत विचार: विकासखंड के तल्ला शेराघाट क्षेत्र में गुलदार का आतंक बना हुआ है। मंगलवार शाम को गुलदार ने घर के आंगन में खेल रहे एक बच्चे को घायल कर दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
मंगलवार शाम करीब 6 बजे तल्ला शेराघाट के उमेर गांव में पुष्कर राम का 6 वर्षीय बेटा दीपांशु परिवार के अन्य बच्चों के साथ घर के आंगन में खेल रहा था। तभी घात लगाए गुलदार ने उस पर झपट्टा मार दिया। पास ही बच्चे की मां और दादा बैठे हुए थे, उनके शोर मचाने पर गुलदार बच्चे को घायल करके जंगल की तरफ भाग गया। परिजन घायल दीपांशु को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शेराघाट लाए, जहां बच्चे का इलाज किया जा रहा है। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार पिछले कई दिनों से गांव के आसपास ही घूम रहा है तथा आए दिन शाम होते ही दिखाई देने लगता है। पिछले एक पखवाड़े से गुलदार ग्रामीणों के कई मवेशियों को अपना निवाला बना चुका है। क्षेत्र पंचायत सदस्य नवीन दुर्गापाल ने वन विभाग से शीघ्र गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
