जौनपुर: कार की टक्कर से दो महिला सफाईकर्मियों की मौत, एक गंभीर
जौनपुर, अमृत विचार। सिंगरामऊ इलाके में वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर सफाई का काम कर रही महिला श्रमिकों को इनोवा कार ने टक्कर मार दी। जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई। जबकि एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जौनपुर के सिंगरामऊ स्थित मिश्रौली गांव के निकट लखनऊ वाराणसी हाईवे पर डिवाइडर पर साफ-सफाई का कार्य चल रहा है। बुधवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वाराणसी की तरफ से एक इनोवा कार आई। तेज रफ्तार इनोवा अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए सफाई का कार्य कर रही महिला मजदूरों को टक्कर मारते हुए दूसरे डिवाइडर में जाकर फंस गई। इनोवा सवार कार से उतरकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को सीएचसी बदलापुर ले गई। जहां आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के तुरकौली निवासी जेठू राम निषाद की पत्नी 40 वर्षीय जड़ावती देवी और साथ में काम कर रही चांदा थाना क्षेत्र के तमरसेपुर निवासी श्याम बहादुर की पत्नी 42 वर्षीय शारदा देवी की मौत हो गई। जबकि अतरौरा मीरपुर निवासी राम अवध की पत्नी रीता निषाद गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज सीएचसी बदलापुर में चल रहा है। मौत की सूचना पर परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला : महाकुंभ भगदड़ की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग के जांच दायरे को बढ़ाने के निर्देश
