लाव-लश्कर के साथ सड़क पर एसपी, रडार पर रोमियो
हल्द्वानी, अमृत विचार : जिले में लगातार चल रहे ऑपरेशन रोमियो की अगुवाई इस बार एसपी सिटी ने की। उनकी अगुवाई में लगभग सभी थाना क्षेत्रों की टीमों ने सड़क से लेकर जंगल तक ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान हुड़दंगी और महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले रोमियो पुलिस के हत्थे चढ़े।
एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा के निर्देश पर पुलिस हफ्ते के किसी भी दिन अचानक ऑपरेशन रोमियो चलाती है। मंगलवार को एसपी सिटी प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में सीओ सिटी नितिन लोहनी, हल्द्वानी कोतवाल राजेश यादव और काठगोदाम थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट ने पुलिस टीम व पीएसी के साथ हल्द्वानी, ठंडी सड़क, रेलवे स्टेशन काठगोदाम, नारीमन और हैड़ाखान क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले, बिना कारण मोटर साइकिल चलाते हुए हो-हल्ला करने वाले करीब 250 लोगों की चेकिंग की गई।
इस दौरान पुलिस टीम ने 11 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही करते हुए 5500 रुपए जुर्माना वसूल किया। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा करते पकड़े गए तो और सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम में बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी, मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता, एसआई अनिल कुमार, कृपाल सिंह, देवेन्द्र सिंह राणा, महिला चीता कर्मी आदि थे।
