लखीमपुर खीरी: टक्कर के बाद दूर जाकर गिरा हेलमेट, बाइक सवार अधिवक्ता की गई जान
फरधान, अमृत विचार। लखीमपुर-बेहजम मार्ग पर शनिवार की शाम लीलाकुआं के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई। उनका हेलमेट घटनास्थल से उछलकर दूर जा गिरा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अधिवक्ता की मौत से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
शहर के मोहल्ला शिव कॉलोनी निवासी अधिवक्ता पंकज वाजपेई (47) किसी काम से बेहजम की तरफ गए थे। वह शाम को बाइक से वापस लौट रहे थे। वह हेलमेट भी लगाए हुए थे। लीलाकुआं नहर पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर गए। उनका हेलमेट सिर से निकलकर दूर जा गिरा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सड़क किनारे किया और परिवार वालों को सूचना दी। सूचना पाकर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव देख उनमें चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: ईसानगर क्षेत्र पंचायत की बैठक में उठा आवास, छुट्टा पशुओं का मुद्दा
