जिसने पुलिस की रील बनाई, उससे पुलिस ने माफी मंगवाई
हल्द्वानी, अमृत विचार : शहर के कथित दुबई किंग के साथ पुलिस की रील का मामला सुर्खियों में आने के बाद इस मामले में पहला एक्शन हुआ है। पुलिस की रील बनाने वाले को पुलिस ने घंटों कोतवाली में बैठाया। उससे माफी मंगवाई और फिर पुलिस एक्ट में चालान कर छोड़ा। साथ ही चेतावनी दी है कि भविष्य में वह ऐसा नहीं करेगा।
आरोपी की नाई की दुकान है और पुलिस महकमा इस नाई का मुरीद है। क्या एसपी और क्या होमगार्ड, लगभग वर्दीधारियों का इसके प्रतिष्ठान में आना-जाना है। जो भी वर्दीधारी कथित दुबई किंग के प्रतिष्ठान में पहुंचा, उसकी इस दुबई किंग ने रील बना दी। इस रील को आरोपी अपने इंस्टाग्राम चैनल पर शेयर कर रौब गांठता था। मामला जब सुर्खियों में आया तो पुलिस मुख्यालय ने स्वत: मामले का संज्ञान लिया और मामले की जांच के निर्देश दिए। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने मामले की जांच एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्र को सौंपी है।
घटना सुर्खियों में आने के बाद कथित दुबई किंग के इंस्टाग्राम चैनल पर अपलोड पुलिस की रील को दनादन डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक वीडियो और फोटो आलाधिकारियों तक पहुंच चुके थे। मामले की जांच शुरू हुई तो सबसे पहली गाज दुबई किंग पर गिरी। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को तलब किया। उसे कुछ घंटों तक कोतवाली में बैठाया गया और फिर पूछताछ शुरू की गई। उसने पुलिस को बताया कि उसने किसी गलत नीयत से वीडियो नहीं बनाए थे। उसने अपने कृत्य के लिए माफी मांगी और कहा कि अब भविष्य में वह ऐसा दोबारा नहीं करेगा। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि आरोपी ने लिखित में माफीनामा दिया है। पुलिस एक्ट में चालान के साथ आरोपी को ऐसा दोबारा न करने की हिदायत दी गई है।
सर, हमें पता ही नहीं लगा कब बन गई रील
इस पूरे मामले की जांच एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्र ने 21 फरवरी से ही शुरू कर दी है। हालांकि उनकी जांच शुरू करने से पहले ही कथित दुबई किंग ने एक के बाद एक सारे वीडियो अपने चैनल से डिलीट कर दिए। फिर भी जिन लोगों के नाम सामने आए, एसपी क्राइम ने उन्हें तलब कर जवाब-तलब किया। कुछ ने ये जवाब भी दिया है कि 'सर, हमें पता ही नहीं लगा कि कब वीडियो बन गई'।
कुमाऊं के एक बड़े अधिकारी की भी बनने वाली थी रील
दरअसल, कथित दुबई किंग, पुलिस अधिकारियों की आड़ में अपने धंधे को चमकाने की कोशिश कर रहा था। यही वजह थी कि वह पुलिस अधिकारियों के साथ रील बनाकर उसे वायरल कर रहा था। सूत्र बताते हैं कि हाल में दुबई किंग कुमाऊं के एक बड़े अधिकारी से मिलकर आया और उन्हें भी अपने प्रतिष्ठान में आमंत्रित किया था। हालांकि उससे पहले ही तमाम रील वायरल हो गईं और अधिकारी ने प्रोग्राम टाल दिया।
