पहले जेब काटी, पकड़ा गया तो काट लिया अपना मुंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार : दो दोस्तों के साथ बस में सवार हुए शातिर ने बस चालक की जेब काट ली। शातिर पकड़ा गया तो पुलिस से बचने के लिए उसने मुंह काट लिया। पुलिस ने उसे सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में भर्ती कराया और बगैर कार्रवाई से उसे छोड़ दिया। हालांकि परिचालक ने इस मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है। 


जलील अहमद हल्द्वानी डिपो का परिचालक है। जलील ने पुलिस को बताया कि रविवार को उसकी बस काशीपुर से वाया रामनगर होते हुए हल्द्वानी आ रही थी। उसका कहना है कि बस रामनगर पहुंची तो तीन युवक बस में सवार हुए। बस हल्द्वानी बस अड्डा बस पहुंची तो यात्री उतरने लगे। इसी बीच रामनगर से बस में सवार हुए तीन युवकों में से एक उसकी जेब काटकर पर्स पार कर दिया, लेकिन जलील को उसकी हरकत का पता लग गया और उसने आरोपी को पकड़ लिया।

यह देख उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। इधर, खुद को फंसा देख शातिर ने धारदार हथियार से अपना मुंह काट लिया। वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में लहूलुहान शातिर को पुलिस ने बेस अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि आरोपी का बैग और मोबाइल जब्त कर लिया गया है। तहरीर मिली है और मामले में कार्रवाई की जाएगी।  

संबंधित समाचार