बरेली में गरजा बुलडोजर! दुकान-मकानों के तोड़े स्लैब, नौ घंटे चली कार्रवाई से मची खलबली
बरेली, अमृत विचार। महाशिवरात्रि से पहले नगर निगम की टीम ने सोमवार को बीसलपुर चौराहे से जगतपुर और पशुपतिनाथ मंदिर वाली रोड पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। टीम ने बुलडोजर से दुकानों और घरों के बाहर बने स्लैब बुलडोजर से तोड़ दिए। करीब नौ घंटे चली कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में खलबली मची रही।
कुछ दिन पहले बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने पशुपतिनाथ मंदिर और नाथ कारिडोर के मार्ग का निरीक्षण किया था। इस दौरान कई जगह अतिक्रमण मिला था। नगर आयुक्त के निर्देश पर सोमवार सुबह करीब 9 बजे उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. नैन सिंह, राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद, नीरज गंगवार टीम के साथ बीसलपुर चौराहे पर पहुंचे।
यहां नाले के ऊपर कई दुकानें लगी थीं। लोगों ने टीम को बताया कि इसी वजह से वार्ड 43 आकाशपुरम में बीसलपुर चौराहे से जगतपुर चौकी तक गलियों में जलभराव हो जाता है। टीम ने नाले से अतिक्रमण हटाया। इसके अलावा पशुपतिनाथ मंदिर रोड पर घरों के आगे पड़े लंबे-लंबे स्लैब भी बुलडोजर से तोड़ दिए। टीम ने सड़क के गड्ढों को मिट्टी डालकर भरवाया। इसके अलावा जगतपुर नाले की सफाई भी कराई गई।
टीम ने लोगों को हिदायत दी कि दोबारा से नाले पर कोई पक्का निर्माण न कराएं। लोहे का जल लगवा सकते हैं, ताकि उसे हटवाकर नाले की सफाई हो सके। क्षेत्रीय पार्षद पूनम राठौर के पति चंद्रपाल राठौर ने निगम के अधिकारियों को बताया कि बीसलपुर चौराहा के पास 600 एमएम का पाइप पड़ा है जिसमें 30 मोहल्लों का पानी निकलता है। इसलिए चौराहे पर बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण होना जरूरी है। मौके पर पार्षद प्रतिनिधि राजेश पटेल, सादिक अंसारी आदि मौजूद रहे।
टीम ने वसूला 24 हजार से अधिक जुर्माना
नगर निगम की टीम ने सोमवार को डेलापीर चौराहे से सेटेलाइट चौराहे तक अभियान चलाकर सड़क किनारे अतिक्रमण हटवाया और 24, 200 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया। कई जगहों पर ठेला लगाने वाले टीम को देखकर सामान समेट कर चले गए।श्
ये भी पढ़ें-बरेली: किशोरी से दुष्कर्म करने वाले को मिली सजा, अब 20 साल तक खाएगा जेल की हवा
