बहराइच: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला झुलसी, लखनऊ रेफर, पति पर दूसरी महिला से अवैध सम्बन्ध का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नानपारा/बहराइच, अमृत विचार। बहराइच जिले के जुलाहनपुरवा गांव निवासी एक महिला सोमवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर कर दिया गया है। महिला के घर वालों ने पति पर अवैध सम्बन्ध का विरोध करने पर जलाने का आरोप लगाया है।

मटेरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जुलाहनपुरवा गांव निवासी सुबिया (35) पत्नी इमरान उर्फ बड़कऊ सोमवार रात आठ बजे के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। उसे आग बुझाकर मटेरा में स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष मदन लाल ने मौके पर पहुंच कर जांच की।

 हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। रात 10 बजे के आसपास हालत में सुधार न होने पर महिला को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। महिला 90 प्रतिशत झुलस गई है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। मायके के लोगों ने पति इमरान पर गंभीर आरोप लगाया है। 

महिला की भाभी सकीना का कहना है कि नन्द ने पति को दूसरी महिला के साथ देख लिया था। जिसका विरोध करने पर कमरे में बंद कर आग लगाकर जला दिया। इस मामले में थानाध्यक्ष मदन लाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। महिला खाना बनाते समय आग लगने से झुलसी है।

यह भी पढ़ें:-संविदा कर्मियों के लिए खुशखबरी: बढ़ेगा वेतन, मुख्यमंत्री योगी ने किया ऐलान, सपा भी लगाया यह आरोप

संबंधित समाचार