सेना की सख्ती से लोग खफा, गोलू मंदिर में लगाएंगे गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रानीखेत, अमृत विचार: नगर में सेना द्वारा गोल्फ ग्राउंड की तारबाड़ सहित मालरोड व चौबटिया को जाने वाले मार्गों को बंद करने को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के चलते यह स्थिति पैदा होने का आरोप लगाया है। नगर वासियों का कहना है कि इस समस्या से निजात पाने के लिए उनके पास सिर्फ एक ही रास्ता है कि वह न्याय देवता गोलू के मंदिर में न्याय की गुहार लगाएं।


गौरतलब है कि नगर के एकमात्र गोल्फ ग्राउंड की सेना ने चारों तरफ से तारबाड़ कर घेराबंदी कर दी है। जिसके चलते बाहर से आने वाले पर्यटक अब इस मैदान में नहीं जा पा रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों ने कई बार जनप्रतिनिधियों, शासन- प्रशासन व सेना के अधिकारियों से इस मैदान को खोलने की गुहार लगाई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इतना ही नहीं सेना ने चौबटिया को जाने वाले मार्ग को झूला देवी मंदिर के पास बैरियर लगाकर बंद कर दिया है। मालरोड वाले मार्ग को भी बैरियर लगाकर बंद किया जा रहा है। जिसके चलते पर्यटक अब चौबटिया के दीदार नहीं कर पा रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सामाजिक कार्यकर्ता खजान जोशी का कहना है कि स्थानीय लोग अब न्याय देवता गोलू मंदिर में जाकर इस समस्या से निजात पाने के लिए अर्जी लगाएंगे।

संबंधित समाचार