पुलिस चौकी के सामने छेड़छाड़, महिला ने शोहदे को सिखाया सबक
हल्द्वानी, अमृत विचार : गली-गली ऑपरेशन रोमियो चलाने वाली पुलिस के लिए रोमियो अब उन्हीं की पुलिस चौकी के सामने छेड़छाड़ कर रहे हैं। ताजा मामला टीपीनगर चौकी क्षेत्र का है, जहां एक शोहदे ने न सिर्फ चौकी के सामने ही महिला का हाथ पकड़ कर छेड़छाड़ कर दी, बल्कि पैसे लेकर साथ चलने की पेशकश भी रख दी। हालांकि महिला इससे डरी नहीं और उसने पत्थर लेकर शोहदे को दौड़ा लिया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टीपीनगर चौकी क्षेत्र में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि देर शाम तक जब उसके पति घर नहीं लौटे तो वह पति को तलाशने निकल पड़ी। रात करीब 8 बजे महिला टीपीनगर चौकी के बगल में स्थित पालम सिटी पहुंची तो एक स्कूटी सवार शोहदे ने उसका रास्ता रोक लिया। उसने एक हजार रुपए लेकर महिला से साथ चलने को कहा और छेड़छाड़ करने लगा। महिला के पूछने पर उसने अपना नाम हरीश पड़िया बताया। महिला ने जब उसके साथ जाने से इंकार किया तो वह पुलिस चौकी के सामने ही जबरदस्ती करने लगा। महिला ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन जब कोई मदद को आगे नहीं आया तो महिला ने खुद को बचाव किया। उसने पास पड़ा पत्थर लेकर शोहदे को दौड़ा लिया और शोहदे को भागना पड़ा। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
शोहदे ने ड्यूटी से लौट रही महिला को दबोचा
छेड़छाड़ का दूसरा मामला मुखानी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बीती 23 फरवरी की शाम करीब पौने सात बजे ड्यूटी से घर वापस लौट रही थी। रास्ते में बच्चीनगर नंबर एक निवासी मनोज जोशी पुत्र स्व. गिरीश चन्द्र जोशी और भानू क्वीरा पुत्र राजेन्द्र सिह क्वीरा ने उसे जबरन रोक लिया। आरोपी उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करने लगे। साथ ही धमकाया कि जैसे तेरे भाई को मारा, वैसे ही तुझे भी मार देंगे। महिला का आरोप है कि आरोपी अपने भाई की हत्या के मामले में हाल ही में जमानत पर बाहर आया है। मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
