कानपुर में शादी से इनकार करने पर दबंगो ने युवती से मारपीट व अपहरण का किया प्रयास: तथाकथित देवर पर छेड़छाड़ का आरोप
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में युवक के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिलने पर युवती के पिता ने शादी से इन्कार कर दिया। जिस पर युवक ने युवती के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट व तथाकथित देवर ने छेड़छाड़ की। साथ ही युवती के अपहरण का भी प्रयास किया। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
रावतपुर गांव निवासी युवती की शादी फर्रुखाबाद निवासी हरिओम उर्फ गौरव के साथ तय हुई थी। लेकिन जानकारी करने पर हरिओम के पहले से शादीशुदा होने की बात सामने आने पर युवती के पिता ने शादी से इंकार कर दिया था। आरोप है कि जिस पर भड़के हरिओम में बहाने से उसे फर्रुखाबाद बुलाया, जहां उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई।
इस दौरान हरिओम के छोटे भाई सौरभ ने उससे छेड़छाड़ भी की थी। किसी तरह वह जान बचाकर वहां से भाग कर घर आ गई। जिसके बाद बीते रविवार को घर पहुंचे आरोपित जबरन उसे बंधक बनाकर अपहरण का प्रयास करने लगे। पड़ोसियों के विरोध के बाद आरोपित मौके से भाग निकले थे। रावतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- कानपुर में साहिल हत्याकांड में आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी: दिनदहाड़े युवक की रॉड से पीटकर की थी हत्या...
