बदायूं: क्या पता था दिल्ली से खींचकर लाई है तीन साल के मासूम तेजस की मौत !

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

वार्ड तीन का मामला, शादी में शामिल होने बेटे संग दिल्ली से गांव आई थी महिला

कुंवरगांव, अमृत विचार। घर के बाहर खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में तीन साल का बच्चा गिर गया। परिजनों ने देखा तो चीख पुकार मच गई। आनन फानन में बच्चे को गड्ढे से बाहर निकाला जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

यह देखकर परिजनों में चीत्कार मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन शव को गांव ले आए। सूचना मिलने पर मृतक के पिता दक्षिण अफ्रीका से भारत के लिए चल दिए हैं।

कस्बा कुंवरगांव के वार्ड तीन निवासी विजय पत्नी अनीता और तीन साल के बेटे तेजस के साथ दिल्ली में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। कंपनी की तरफ से उन्हें दक्षिण अफ्रीका भेजा गया। बीते मंगलवार को कुंवरगांव में एक शादी थी। इसके चलते अनीता और तेजस उसी दिन गांव आ गए थे।

विजय साउथ अफ्रीका में ही हैं। शुक्रवार सुबह दस बजे तेजस घर के बाहर खेल रहा था। परिवार के सदस्य घर के काम में लगे थे। खेलते समय वह घर के बाहर तकरीबन डेढ़ फिट गहरे पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। कुछ देर के बाद परिजनों ने तेजस को घर के बाहर बने गड्ढे में देखा तो चीख पुकार मच गई। 

परिजन बच्चे को आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मौत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही मां अनीता बेसुध हो गई। परिवार के अन्य लोगों में चीत्कार मच गई। पुलिस ने घटना की जानकारी ली। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजन बच्चे के शव को लेकर घर चले गए। पिता को बेटे की मौत की खबर दी गई। जिसके बाद वह भारत के लिए चल दिए हैं।

ये भी पढ़ें- बदायूं: हत्या करने के प्रयास में तीन सगे भाई समेत चार को 10 साल का कारावास

संबंधित समाचार