चंदौली में कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बंटी नंदन कानन एक्सप्रेस, मची अफरातफरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली में सोमवार देर रात को आनंद विहार से पुरी जा रही 12876 नंदन कानन एक्सप्रेस ट्रेन, स्लीपर S4 बोगी का कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बंट गई। यह हादसा पीडीडीयू जंक्शन (पूर्ववर्ती मुगलसराय) के आगे हुआ। ट्रेन की रफ्तार धीमी होने के कारण कोई यात्री हताहत नहीं हुआ।

आनंद विहार से पुरी जाने वाली डाउन नंदन कानन एक्सप्रेस शाम 6.25 बजे पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर पहुंचती है। सोमवार को यह करीब 3 घंटे की देरी से जंक्शन पर पहुंची। कुछ यात्री ट्रेन में सवार हुए। इसके बाद ट्रेन रात 9.30 बजे के आसपास प्लेटफार्म संख्या एक से रवाना हुई।

ट्रेन स्टेशन से लगभग छह किमी दूर ही पहुंची थी कि स्लीपर कोच संख्या एस 4 की कपलिंग टूट गई। इससे इंजन सहित ट्रेन के छह कोच दो सौ मीटर आगे बढ़ गए। जबकि एसी कोच, पेंट्रीकार, गार्ड बोगी सहित 15 कोच पीछे छूट गए। घटना से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कुछ देर तक उन्हें समझ में नहीं आया कि माजरा क्या है।

ट्रेन मैनेजर ने इसकी जानकारी चालक को दी। चालक ने ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन के 2 हिस्सों में बंटने की जानकारी अफसरों तक भी पहुंच गई। लगभग एक घंटे बाद ट्रेन के दोनों हिस्सों को वापस पीडीडीयू जंक्शन लाया गया। यहां टूटी कपलिंग वाले एस 4 कोच को अलग किया गया। इसके बाद रात में करीब 12.30 बजे ट्रेन के बाकी बचे हिस्सों को जोड़कर आगे के लिए रवाना किया गया।

स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह ने बताया कि कपलिंग टूटने के कारण ट्रेन दो हिस्सों में बंटी थी। टूटे कपलिंग वाले कोच को अलग कर दोबारा से जोड़कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

यह भी पढ़ें:-Laureus World Award: लॉरियस वर्ल्ड अवार्ड के लिए नामित हुए ऋषभ पंत, सचिन इसे जीतने वाले एकमात्र भारतीय

संबंधित समाचार