किशोरी का अपहरण, बरहैनी के जंगल में सामूहिक दुष्कर्म 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कालाढूंगी, अमृत विचार: कालाढूंगी क्षेत्र में किशोरी का अपहरण कर बरहैनी के जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत करते हुए तीन आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। 
 

थानाध्यक्ष कालाढूंगी पंकज जोशी ने बताया कि गदरपुर निवासी पीड़िता ने थाने पर दी गई तहरीर में आरोप लगाते हुए बताया कि बीती 5 मार्च को उसके ब्वॉयफ्रेंड लक्की आर्या (21) निवासी कमोला कालाढूंगी ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। जब वह उससे मिलने पहुंची तो लक्की के साथ तीन युवक और भी मौजूद थे। आरोप है कि इस दौरान लक्की और अन्य तीनों युवक उसे बहला फुसलाकर बरहैनी जंगल की नर्सरी में ले गए और उसके साथ जघन्य वारदात को अंजाम दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 बीएनएस 2023 व ¾ पॉक्सो अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर इसकी विवेचना उपनिरीक्षक निधि शर्मा सौंपी गई है। विवेचक निधि शर्मा ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य संकलन किए। 


पीड़िता के बयान के आधार पर विवेचना में आरोपी सूरज (19) पुत्र जरनैल सिंह, अनुज पाल (18) पुत्र रूपराम और अकरम (19) पुत्र सिराज साह, सभी निवासी बरहैनी थाना बाजपुर का नाम सामने आया। थानाध्यक्ष जोशी ने बताया कि टीम गठित करते हुए शुक्रवार शाम बाजपुर-कालाढूंगी मार्ग स्थित गड़प्पू पुल से तीनों आरोपियों को मोटर साइकिल से जाते समय गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मुख्य आरोपी लक्की आर्या पुत्र बच्ची राम निवासी ग्राम कमोला की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

संबंधित समाचार