मिनी स्टेडियम में राज्य की फुटबॉल टीम के लिए ट्रायल शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: मिनी स्टेडियम में रविवार को अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड टीम का ट्रायल शुरू हो गया है। ट्रायल में कुमाऊं मंडल से 70 खिलाड़ी प्रतिभाग करने पहुंचे। 
रविवार से शुरू हुए ट्रायल 11 मार्च तक जारी रहेंगे। सुबह से ही खिलाड़ियों का पहुंचना शुरू हो गया था। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 70 खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। ये सभी कुमाऊं मंडल से आए थे। ट्रायल के लिए पहले खिलाड़ियों का पंजीकरण किया गया।

उसके बाद उन्हें अलग-अलग टीमों में बांट दिया गया। बाद में उनके बीच ट्रायल मैच कराया गया। मैच में किए गए प्रदर्शन को ट्रायल में चयन का आधार बनाया गया। खेल विभाग ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 10 अप्रैल से 27 मई तक स्वामी विवेकानंद अंडर-20 पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप होगी। सोमचार को गढ़वाल मंडल के खिलाड़ियों का ट्रायल किया जाएगा। अंतिम ट्रायल 11 मार्च को होगा। उत्तराखंड स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव अख्तर अली के अनुसार तीन दिवसीय ट्रायल के बाद खिलाड़ी का चयन किया जाएगा। राजकीय टीम के के लिए 17 मार्च से कैंप लगाया जाएगा। उसके बाद उत्तराखंड की फुटबॉल टीम घोषित कर दी जाएगी। 

संबंधित समाचार