संभल : सफेद रंग से रंगी नजर आने लगी जामा मस्जिद, कमेटी कहा-वह काम से संतुष्ट, एएसआई कौन सा रंग करा रही है फर्क नहीं पड़ता

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

सफेद रंग से रंगी नजर आती जामा मस्जिद।

संभल। संभल,अमृत विचार। जामा मस्जिद पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा कराया जा रहा रंगाई पुताई का काम अब अंतिम चरण में पहुंचने वाला है। अब यह बात भी साफ हो गई है कि जामा मस्जिद हरे,सुनहरे या भगवा रंग से नहीं बल्कि सफेद रंग से चमकती नजर आयेगी। जामा मस्जिद कमेटी ने भी साफ कर दिया है कि वह काम से संतुष्ट हैं और एएसआई कौन सा रंग करा रही है इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।

ईद से पहले जामा मस्जिद पर रंग रोगन के लिए जामा मस्जिद कमेटी ने प्रशासन से इजाजत मांगी थी। प्रशासन ने इजाजत देने से इनकार किया तो कमेटी के लोगों ने इलाहबाद उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। उच्च न्यायालय ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग को जामा मस्जिद के बाहरी हिस्से की रंगाई पुताई कराने का आदेश दिया था। काम खत्म करने के लिए सात दिन का समय तय किया गया था। रंगाई पुताई का काम शुरु कराया तो इस बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया कि मस्जिद पर कौन सा रंग होगा। जामा मस्जिद कमेटी ने पहले की तरह हरा व सुनहरा रंग कराने की मांग उठाई तो जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर मुकदमे के पक्षकार महंत ऋषिराज गिरी व बाल योगी दीनानाथ ने डीएम को ज्ञापन देकर मांग उठाई कि हरा नहीं बल्कि विवादित स्थल पर भगवा रंग होना चाहिए। इस विवाद के बीच एएसआई ने चुप्पी साधकर अपना काम जारी रखा। 

नीचे से सफेद रंग शुरु हुआ तो कहा जाने लगा कि ऊपर जहां पहले हरा रंग था वहां हरा ही किया जायेगा। नक्काशी पर भी सुनहरा रंग किये जाने की बात कही जा रही थी। अब भवन के ऊपर तक रंगाई हो चुकी है। कारीगरों ने मस्जिद भवन पर बनी सुनहरे व हरे रंग की पट्टियों को भी सफेद रंग से रंग दिया है। अब केवल मस्जिद की हरी बुर्ज रंगने से बची है। बुर्ज को लेकर कहा जा रहा है कि या को एएसआई उस पर रंग नहीं करेगी और करेगी तो उसे भी सफेद ही किया जायेगा। मस्जिद पर सफेद रंग को लेकर जामा मस्जिद के सदर जफर अली एडवोकेट ने कहा कि उनकी एएसआई के लोगों से लगातार बात हो रही है और वह उनके काम से संतुष्ट हैं। वह सफेद रंग करायें तो उन्हें इस पर कोई एतराज नहीं है।

ये भी पढे़ं : संभल : सांसद बर्क के मकान निर्माण की जांच के लिए कमेटी गठित, अंतिम नोटिस जारी

संबंधित समाचार