Kanpur: 125 सालों में सबसे गर्म रही फरवरी, इतने डिग्री सेल्सियस रहा औसत तापमान...

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। इस साल फरवरी महीने में रिकॉर्ड गर्मी पड़ी है। आईएमडी की हाल ही जारी नेशनल रेटिंग में इसे 125 साल में सबसे गर्म फरवरी बताया गया है। आईएमडी के अनुसार फरवरी महीने का औसत तापमान 125 सालों में सबसे अधिक रहा है। फरवरी महीने का औसत न्यूनतम तापमान 15.02 जबकि औसत तापमान 22.04 रिकॉर्ड किया गया है। 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार वर्ष 2024 अब तक का सबसे गर्म वर्ष रहा था लेकिन फरवरी 2025 ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले 125 वर्षों में फरवरी का तापमान कभी इतना अधिक नहीं रहा। इस साल फरवरी का औसत तापमान 22.04 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.34 डिग्री अधिक था। इससे पहले 2016 में फरवरी का तापमान सामान्य से 1.29 डिग्री अधिक रहा था। आईएमडी के अनुसार फरवरी 2025 में न्यूनतम औसत तापमान 15.02 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 125 वर्षों में सबसे अधिक है। फरवरी का अधिकतम औसत तापमान 29.07 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 125 वर्षों में दूसरा सबसे अधिक रहा। इससे पहले फरवरी 2023 में सबसे अधिक औसत अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस था।

सबसे शुष्क महीनों में रहा शामिल 

फरवरी 2025 केवल सबसे गर्म ही नहीं, बल्कि सबसे शुष्क महीनों में भी है। जनवरी-फरवरी के दौरान सामान्य से 59 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। फरवरी में सामान्य से 50 फीसदी कम बारिश हुई, जबकि जनवरी में यह कमी 67 फीसदी थी। मध्य भारत में बारिश में 89.3 फीसदी की गिरावट आई, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में 64.4 फीसदी की कमी देखी गई। सीएसए विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि इस साल फरवरी में अत्यधिक गर्मी और सूखे का मुख्य कारण जलवायु परिवर्तन है।

यह भी पढ़ें- कानपुर में धागा गोदाम में लगी भीषण आग; ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख मची अफरा-तफरी, दमकल कर्मियों ने बुझाई...

 

संबंधित समाचार