लखीमपुर में बकरी के लालच में फंसा तेंदुआ, वन विभाग ने ली राहत की सांस!

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: शारदानगर वन रेंज के मंझरा फार्म में कई दिनों से चहलकदमी कर रहा तेंदुआ शुक्रवार को बकरी के लालच में पिंजड़े में कैद हो गया। इससे वन विभाग ने राहत महसूस की है। तेंदुआ देखने वालों की मौके पर भारी भीड़ लग गई। स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद तेंदुए को जंगल में छोड़ा जाएगा।

शहर के निकट मंझरा फार्म और उसके आसपास एक तेंदुआ कई हफ्तों से चहलकदमी करता देखा जा रहा था। इससे आसपास के ग्रामीणों के साथ ही राहगीरों में भी दहशत थी। आलम यह था कि दिन ढलने के बाद लोग रास्तों से निकलने से भी कतराते थे। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने की रणनीति बनाई और मंझरा फार्म के जंगल में एक पिंजड़ा लगाया। इस पिंजड़े में बकरी बांधी गई थी। वन विभाग की टीमें लगातार तेंदुए और पिंजड़े की निगरानी भी कर रही थीं।

शुक्रवार की सुबह तेंदुआ पिंजड़े के पास पहुंचा। बकरी बंधी देख, शिकार के लालच में पिंजड़े में दाखिल होते ही वह कैद हो गया। सुबह वन विभाग की टीम जब पिंजड़े की जांच करने पहुंची तो उसमें तेंदुआ कैद मिला। तेंदुआ पकड़े जाने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में मंझरा फार्म के कर्मचारी, ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई।

शारदानगर वन रेंजर अभय कुमार मल्ल और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम पूरे सुरक्षा इंतजामों के साथ पिंजड़े को लेकर वन कार्यालय पहुंची। वन रेंजर ने बताया कि तेंदुआ पूर्ण रूप से स्वस्थ है। फिर भी उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। उच्चाधिकारी उसे जहां छोड़ने का आदेश देंगे, वहीं उसे छोड़ा जाएगा।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी; यात्रियों की जेब होगी और ढीली, रूट डायवर्जन से रोडवेज बसों का बढ़ा किराया

संबंधित समाचार