सीतापुर: गन्ना सेंटर पर मजदूरी करने वाले अधेड़ की हत्या
सीतापुर। पिसावा थाना इलाके में बीती रात गन्ना सेंटर से बदमाश गन्ना लदी ट्राली उड़ा ले गए। वहीं अज्ञात हमलावरों द्वारा सेंटर पर रुकने वाले अधेड़ की हत्या कर दी गई। मामले की सूचना पर एसपी ने मौका मुआयना किया। उन्होंने जल्द ही घटना के खुलासे के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार थाना रामकोट …
सीतापुर। पिसावा थाना इलाके में बीती रात गन्ना सेंटर से बदमाश गन्ना लदी ट्राली उड़ा ले गए। वहीं अज्ञात हमलावरों द्वारा सेंटर पर रुकने वाले अधेड़ की हत्या कर दी गई। मामले की सूचना पर एसपी ने मौका मुआयना किया। उन्होंने जल्द ही घटना के खुलासे के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार थाना रामकोट इलाके के गांव डल्लिया निवासी रामनरेश (45) पुत्र रामप्रताप, पिसावां थाना क्षेत्र के गांव सेरवाडीह में डीह कबीरा स्थान पर रहता था। ग्रामीणों के मुताबिक चीनी मिल चलने के दौरान गांव में बने गन्ना क्रय केंद्र पर पैसों के लिए रात में रुककर वहां ट्राली आदि की रखवाली करता था। बताया जाता है कि मंगलवार शाम सेरवाडीह निवासी राकेश गांव के गन्ना क्रयकेंद्र पर गन्ने से भरी ट्राली खड़ी कर रात में घर चले गए। केंद्र पर चैकीदार मौजूद नहीं था। रामनरेश रखवाली के लिए था।
बुधवार की सुबह जब राकेश गन्ना सेंटर पहुंचे तो ट्राली गायब थी। वहीं कुछ दूरी पर रामनरेश की लाश मिली। हाथ पैर बंधे थे और सिर में चोट के निशान भी थे। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश ट्राली लेकर फरार हो गए। साथ ही अज्ञात हमलावरों ने रामनरेश की हत्या कर दी। वारदात की सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। वहीं घटना की सूचना पर एसपी आरपी सिंह ने भी मौका मुआयना किया।
छावनी में तब्दील हुआ गन्ना सेंटर
गन्ना लदी ट्राली गायब होने और अधेड़ की हत्या की सनसनीखेज वारदात की जानकारी पर एसपी के निर्देश पर पिसावां सहित मिश्रिख, रामकोट, मछरेहटा और महोली की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके अलावा सीओ मिश्रिख ने भी मौके की जांच की। एसपी ने घटना को लेकर मातहतों और स्थानीय लोगों से जानकारी ली। साथ ही मातहतों को निर्देश दिए।
खुलासे को पांच टीमें गठित
घटनास्थल का मुआयना करने आए पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने वारदात के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि घटना के अनावरण के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। जो इस घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच करेंगी। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
