ओडिशा में बड़ा रेल हादसा: कटक में पटरी से उतरी कामाख्या एक्सप्रेस, यात्रियों में हाहाकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भुवनेश्वर। ओडिशा के कटक जिले में रविवार को बेंगलुरु और असम के बीच चलने वाली कामाख्या एक्सप्रेस के 11 एसी के डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसके बाद यात्रियों के बीच हाहाकार मच गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन चौद्वार इलाके के मंगुली पैसेंजर हॉल्ट के पास डीरेल हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एनडीआरएफ और मेडिकल की टीमें भेज दी गई हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पूर्वी तटीय रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि एसएमवीटी बेंगलुरु-कामाख्या एसी एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पूर्वाह्न 11 बजकर 54 मिनट पर मंगुली के पास निरगुंडी में पटरी से उतर गए। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

मिश्रा ने कहा, ‘‘हमने राहत कार्य शुरू कर दिया है और एनडीआरएफ (केंद्रीय आपदा मोचन बल) तथा अग्निशमन सेवाओं को सूचित कर दिया है। एक राहत ट्रेन घटनास्थल पर भेजी गई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अग्रिम पंक्ति के अधिकारी और सहायक कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।’’ मिश्रा ने बताया कि ‘हेल्पलाइन’ स्थापित की गई है और फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। 

संबंधित समाचार