प्रभु रथ पे हुये सवार…की गूंज संग निकली श्रीजी की सवारी: कन्नौज में भगवान महावीर जयंती पर शोभायात्रा, दिया जियो और जीने दो का संदेश
कन्नौज, अमृत विचार। प्रभु रथ पे हुये सवार नक्कारा बाज रहा है…..की मधुर गूंज के साथ दुनिया को अहिंसा का संदेश देने वाले भगवान महावीर की जयंती पर शोभायात्रा निकाली गयी। यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। 10 ई रिक्शा पर श्रीजी व अन्य मुनियों के उपदेश लिखी होर्डिंग लोगों को अहिंसा, जियो और जीने दो, गौ हत्या रोकने, गोवंश बढ़ाने, जीव हत्या रोकने आदि संदेश दे रही थी। शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण कर यात्रा जैन मंदिर पहुंचकर समाप्त हुयी।
गुरुवार को भगवान महावीर की जयंती पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। उत्सव आया, उत्सव आया महावीर का उत्सव आया…आज बड़ा ही शुभ दिन आया झूम रहा जग सारा… जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। मोहल्ला छिपट्टी स्थित जैन मंदिर से सुबह 11 बजे अभिषेक और शांतिधारा हुई। फिर रथ पर विराजित भगवान महावीर की अष्ट धातु प्रतिमा को नगर भ्रमण कराया गया।
भगवान को रथ पर विराजमान करने का सौभाग्य संदीप जैन परिवार को मिला। खजांची वीरेंद्र जैन काला बने। इंद्र के रूप में जतिन जैन व ईलू जैन रथ पर सवार थे। पूर्व एमएलसी व प्रमुख समाजसेवी पुष्पराज जैन पंपी ने अपने इत्र कारखाने के बाहर श्रीजी की आरती उतारी और रथ के सारथी बने। इंद्र इंद्राणी के रथ पर रिंकू जैन, चारुल जैन व निशंक जैन, भावना जैन सवार थे।

यात्रा भूड़ा मंदिर, तलैया चौकी, हरी नगर, लाखन तिराहा, सब्जी मंडी, फर्श रोड, फर्श रोड, बड़ा चौराहा होते हुये वापस जैन मंदिर पहुंचकर समाप्त हुयी। यात्रा का लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा व यात्रा में शामिल लोगों को शीतल पेय, मिष्ठान व पानी वितरित कर स्वागत किया। बैंड पर बज रहे भजनों की धुन पर जैन धर्मावलंबी जमकर थिरके।
यात्रा का आकर्षण का केंद्र 10 ई रिक्शा पर लिखे भगवान महावीर, आचार्य विद्यासागर, आचार्य पुष्पदंत सागर, आचार्य सन्मति सागर, समय सागर, चंद्र सागर, वचन प्रभा माता जी आदि के उपदेश रहे। शाम को भगवान महावीर का पूजन, 108 कलशों से अभिषेक किया गया। भगवान को पालने में झुलाया गया और फिर आरती उतारी गयी। इसके बाद जैन समाज के लोगों ने सामूहिक भोज किया। इस दौरान सुशील जैन, सचिन जैन, संजीव जैन, पारस जैन, दीपक जैन, अतिन जैन, प्रकाश जैन आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- कन्नौज में पलटा मौसम, तूफान संग बारिश से आफत, पारा लुढ़का: दो-तीन दिन तक ऐसे ही मौसम रहने की संभावना
