लखनऊः महिला दुकानदार से दुष्कर्म का प्रयास, विरोध पर फाड़े कपड़े
शोर मचाने पर रॉड से हमला कर महिला का फोड़ा सिर, रिपोर्ट दर्ज

लखनऊ, अमृत विचार: पारा इलाके में महिला दुकानदार के साथ मीट विक्रेता ने छेड़छाड़ की। विरोध पर आरोपी ने पीड़िता के कपड़े फाड़ते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी ने रॉड से हमला कर पीड़िता का सिर फोड़ दिया। पीड़िता ने पारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। गोसाईंगंज थाने में महिला ने गांव के युवक पर छेड़छाड़ करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय महिला बांस-बल्ली की दुकान चलाती है। पीड़िता ने बताया कि 10 अप्रैल की रात परिवार संग दुकान पर सो रही थी। करीब 2:30 बजे खटपट होने पर नींद टूटी। महिला दुकान से बाहर निकली तो मीट विक्रेता अनीस खड़ा दिखाई पड़ा। आरोपी ने महिला को अश्लील शब्द कहे। विरोध पर आरोपी मुंह दबाकर उसे घसीटते हुए नहर पुल के नीचे ले गया। अनीस ने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध पर कपड़े फाड़ दिए। अनीस की इस हरकत से पीड़िता घबरा गई। मदद के लिए शोर मचाने पर आरोपी ने मारपीट करते हुए सिर पर रॉड से हमला कर दिया। सिर फटने से महिला खून से लथपथ हो गई। यह देख आरोपी भाग निकला। किसी तरह घायल हालत में दुकान पर पहुंची पीड़िता ने पति को घटना की जानकारी दी। उपचार कराने के बाद पीड़िता ने पारा थाने में अनीस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि मामले में की जांच की जा रही है।
वहीं, गोसाईंगंज बरकतनगर निवासी 30 वर्षीय महिला ने बताया कि गांव में रहने वाला कल्लू अक्सर छेड़छाड़ करता है। 9 अप्रैल की दोपहर महिला काम से जा रही थी। घर से कुछ दूर जाते ही कल्लू पीछा करने लगा। आरोपी ने महिला पर संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध पर आरोपी मारपीट कर भाग गया। इंस्पेक्टर गोसाईगंज बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ेः अधिकारियों की मिलीभगत... कूड़ा उठाने वाले वाहनों को देना था डीजल, देने लगे शिवरी प्लांट को