बोतल पाम, फायकस, ब्रश ट्री से हरा और सुंदर होगा हल्द्वानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: शहर को हरा-भरा और सुंदर करने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। नैनीताल, रामपुर, कालाढूंगी आदि रोड किनारे पेड़ लगाए जाएंगे। इनमें विभिन्न प्रजाति के पेड़ शामिल हैं। जो अपनी सुंदरता के लिए भी प्रसिद्ध हैं।

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कुछ माह पूर्व आदेश दिया था कि हल्द्वानी शहर की सड़कें चौड़ी करने की वजह से कुछ पेड़ों को काटना पड़ा है। इसलिए शहर में हरियाली की इस भरपाई के लिए और बड़ी मात्रा में पेड़ों को लगाया जाएगा। अब सड़कों को पूरा करने का काम करीब पूरा हो चुका है। इसलिए नगर निगम ने पेड़ों को लगाना शुरू कर दिया है। कुल 1000 पेड़ों को लगाया जाएगा। इनमें बोतल पाम, फायकस, ब्रश ट्री, गुलमोहर के अलावा पाकड़ और पीपल के बड़े पौधे लगाए जाएंगे।

इस समय जो पौधे लगाए जा रहे हैं। अगर उनका सही रख-रखाव किया जाए तो दो से तीन साल के अंदर ही वह अच्छे-खासे पेड़ बन जाएंगे। इसी क्रम में सोमवार को नैनीताल रोड के किनारे पेड़ों को लगाना शुरू कर दिया गया है। शीघ्र ही सभी पेड़ों को लगाने का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। नगर आयुत ऋचा सिंह ने बताया कि नगर निगम पेड़ों को लगाने के साथ ही उनकी देखभाल करेगा। साथ ही आमजन से अपील की जाती है कि अपने शहर को सुंदर और हराभरा रखने में नगर निगम की मदद करें। स्वयं भी ज्यादा से ज्यादा पेड़ों को लगाएं।

संबंधित समाचार