इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साक्षात्कार के दौरान हुआ हंगामा, धमकी से सहमे भाजपा कार्यकर्ता ने सुरक्षा की रखी मांग

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

सपा प्रवक्ता और अन्य पर विभूतिखंड थाने में रिपोर्ट दर्ज

Chaos during the interview: इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का साक्षात्कार चल रहा था। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का भाजपा कार्यकर्ता विनीत शुक्ला से विवाद हो गया। विनीतने सपा प्रवक्ता और अन्य नेताओं पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते विभूतिखंड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विवेक खंड-2 निवासी विनीत शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार को इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में एक कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को भी आना था। इसके लिए वहां पर पहुंच गया। पहुंचने पर पता चला कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का साक्षात्कार चल रहा है। हाल में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी बैठे थे। इसपर वह पीछे की सीट पर जाकर बैठ गया। विनीत ने बताया कि साक्षात्कार के दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।

 इस पर उसने विरोध करते हुए कहा कि ऐसी टिप्पणी मत करें, वह एक संवैधानिक पद पर है। ऐसी टिप्पणी शोभा नहीं देती है। विनीत का कहना है कि उसके बोलने पर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष भड़क गए। उन्होंने बोले तुम भाजपाई हो, अभी तुमसे झगड़ा कर लूंगा। इसपर वहां मौजूद सपा प्रवक्ता मनोज यादव समेत तमाम सपा कार्यकर्ताओं ने गालियां देते हुए मारने को दौड़े। पुलिस ने किसी तरह बचाया। विनीत ने बताया कि वह और परिजन बहुत डरे हुए हैं। विनीत ने सुरक्षा की मांग करते हुए विभूतिखंड थाने में शनिवार को सपा प्रवक्ता मनोज यादव और अन्य नेताओं के खिलाफ तहरीर दी। जिसपर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

यह भी पढ़ें:-अंसल फर्जीवाड़े में आठ और रिपोर्ट दर्ज : करीब 33 लाख की ठगी का आरोप

 

 

संबंधित समाचार