देहरादून: कोरोना को हराने के लिए टेस्टिंग लैब का प्रयोग पूरी क्षमता से हो- सीएम
देहरादून। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राज्य में स्वास्थ्य विभाग को टेस्ट की संख्या बढ़ाने के लिए टेस्टिंग लैब का प्रयोग पूरी क्षमता से करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए आशा कार्यकत्री और ग्राम प्रधानों के माध्यम से …
देहरादून। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राज्य में स्वास्थ्य विभाग को टेस्ट की संख्या बढ़ाने के लिए टेस्टिंग लैब का प्रयोग पूरी क्षमता से करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए आशा कार्यकत्री और ग्राम प्रधानों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को समय पर खबर दी जानी चाहिए ताकि समय पर इलाज और संक्रमण रोकने के उपाय किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि कोविड मृत्यु दर को रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। मुख्यमंत्री शनिवार को देहरादून से शासन के उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जुड़े।
कोरोना वायरस संक्रमण कोविड-19 के रोकथाम एवं बेहतर उपचार हेतु जनपदों में किये जा रहें कार्यों की जनपदवार समीक्षा करते हुए सीएम ने कहा कि टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की पद्यति को अपनाया जाए। टूरिस्ट स्पॉट पर अत्यधिक सैंपलिंग व टेस्टिंग कराएं, टेस्टिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता न हो।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के बाद स्थिति गंभीर हुई है। एक छोटी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती हैं। कोविड से मृत्यु दर को कैसे कंट्रोल करना है इस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का रिकवरी रेट भी अच्छा नही हैं, यह गंभीर विषय है। हमे इसमें हर हाल में कंट्रोल करना है। सैंपलिंग और टेस्टिंग को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-जागरूकता हेतु स्टीकर लगाए जाएं। इस कार्य में जन प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं एनजीओ से सहयोग लिया जाए। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता हेतु पुलिस फोर्स के साथ होमगार्ड तथा पीआरडी के कार्मिकों को लगाएं। प्रदेश में पर्यटक गतिविधिया भी हो रही हैं।
पर्यटन स्थल पर शत-प्रतिशत सैंपलिंग और टेस्टिंग कराई जाए। मास्क के उपयोग, सोशल डिस्टेंसिग एवं स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। इसके लिए बड़े स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया जाए।
चालान करें, पर मास्क भी बांटें
मुख्यमंत्री ने कहा कि शत प्रतिशत लोगों को मास्क के उपयोग के लिए प्रेरित करें। जब चालान करें तो साथ ही निःशुल्क मास्क वितरण भी करें। सीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य चालान काटकर राजस्व एकत्रित करना नही हैं बल्कि इस वैश्विक महामारी से लोगों की जान बचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले लोगो की अनिवार्य रूप से थर्मल सकैनिंग की जाए। कोविड का उलंघन करने वालो पर सख्त कार्यवाही करें। प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार प्रसार बढ़ाये।
वैक्सीनेशन के मद्देनजर व्यवस्थाएं दुरुस्त हों
वीसी मे मौजूद मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने कहा कि कोरोना वैक्सिनेशन के लिए भी पूरी तैयारी कर ली जाये। उन्होंने कहा कि जिला टास्क फोर्स एवं ब्लॉक टॉस्ट फोर्स की नियमित बैठकें की जाएं। को-मॉर्बिड, ओल्ड ऐज, प्रेग्नेंट महिलाओं, हैल्थ एवं फ्रंट लाईन वर्कर का पूरा डाटा रखा जाए। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन को ध्यान में रखते हुए मानव संसाधन की अभी से पूरी व्यवस्था रखी जाए।
ओल्ड ऐज एवं को-मार्बिड लोगों को यदि कोई लक्षण आतें है तो उन्हें होम आइसोलेशन के बजाय अस्पताल में भर्ती होने के लिए प्रेरित किया जाय। डीजी लॉ एण्ड ऑर्डर अशोक कुमार ने पर्यटक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर कोरोना से बचाव के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों को विभिन्न माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये।
