पाकिस्तान लौटी इरम, बरेली में 16 साल रहने के बाद की वापसी, बेटा-बेटी को भी छोड़ गई भारत
बरेली, अमृत विचार: कोतवाली थाना क्षेत्र के बिहारीपुर मोहल्ले के रहने वाले मोहम्मद अथर से 2008 में निकाह करने वाली पाकिस्तानी नागरिक इरम मंगलवार को पाकिस्तान के लिए रवाना हो गई। वह यहां अपना एक बेटा और बेटी छोड़ गई। जाने से पहले पति पर दर्ज कराए गए तीन तलाक के मुकदमों में भी समझौता कर लिया।
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों के अपने वतन लौटने के आदेश के बाद बरेली में रह रहे लोग धीरे-धीरे पाकिस्तान जाने लगे हैं। लाहौर की निस्तार कॉलोनी की रहने वाली इरम के पिता मजाहिल हुसैन लाहौर के मशहूर डॉक्टर हैं। इरम की बुआ का निकाह बरेली में हुआ था।
बुआ ने बरेली में ही भतीजी के लिए रिश्ता ढूंढा। मजाहिल हुसैन भारत आए और लड़का पसंद किया। 8 अप्रैल, 2008 को इरम का निकाह बरेली में बिहारीपुर मोहल्ले के रहने वाले मोहम्मद अथर से कर दिया गया। इसके लिए बरात लेकर 9 लोग पाकिस्तान गए। करीब 5-6 महीने तक पाकिस्तान में रहे। फिर इरम को लेकर भारत लौटे। 16 साल तक सब कुछ ठीक चला।
11 जून 2024 को अथर ने इरम से मारपीट कर तलाक देकर निकाल दिया। सरकार उस वक्त तक तीन तलाक पर नया कानून ला चुकी थी। इसलिए इरम ने 18 जून 2024 को कोतवाली में पति मोहम्मद अथर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। उसके बाद उसी मकान में एक कमरे में वह रहने लगी। अथर ऊपर परिवार के साथ रहता था। पति के खिलाफ केस बरेली की अदालत में चल रहा था। अदालत ने कह दिया कि जब तक मुकदमे का निपटारा नहीं हो जाता, तब तक वह भारत नहीं छोड़ सकती।
बाद में इरम ने मुकदमा वापस लेने की एप्लिकेशन दी। इस आधार पर बरेली पुलिस ने 13 सितंबर, 2024 को फाइनल रिपोर्ट लगा दी। यह एफआर कुछ दिनों बाद कोर्ट पहुंच गई। कोर्ट में कई तारीखें आईं। पिछले हफ्ते कोर्ट में ये केस पूरी तरह खत्म हो गया। कोर्ट केस खत्म होने के बाद लोकल पुलिस और एलआईयू ने उन्हें पाकिस्तान जाने की परमिशन दी है। इसके बाद वह मंगलवार को पाकिस्तान के लिए रवाना हो गईं। इरम के दो बच्चे हैं। जिसमें एक बेटा मोहम्मद शाहे नूर 15 साल और बेटी आयजा 7 साल की है। वह बेटी को साथ ले जाना चाहती थी।
यह भी पढ़ें- Bareilly: BDA की बड़ी कार्रवाई, बुलडोजर चलाकर तोड़ीं 5 अवैध कॉलोनियां
