45 चालान, 6 ऑटोरिक्शा जब्त और 15 फड़-ठेलों को हटाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: स्थानीय प्रशासन, नगर निगम और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को शहर में प्रवर्तन और सत्यापन अभियान चलाया। दोपहर 3 बजे से शुरू हुआ अभियान रात 8 बजे तक चलाया गया।  कोतवाली से लेकर मंगल पड़ाव से आगे तक अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान मुख्य रूप से अवैध रूप से चल रहे तिपहिया वाहनों और शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान में 80 से अधिक तीन-पहिया वाहनों की जांच की गई और मोटर वाहन अधिनियम के तहत 45 चालान काटे गए। साथ ही 6 ऑटो रिक्शा जब्त किए गए। ठेले-फड़ वालों की जांच के दौरान बिना नगर-निगम पंजीकरण वाले 15 फड़-ठेला लगाने वालों को हटाया गया और उनका सामान भी जब्त किया गया।  इस दौरान नगर निगम अधिनियम के तहत 17 चालान काटे गए। अभियान के तहत टीम ने सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण की भी जगह-जगह जांच की। एसडीएम राहुल शाह और नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में  टीम की ओर से विभिन्न जगहों में जांच की गई।

 जिस दौरान दुकानदारों की ओर से किए गए अवैध अतिक्रमण की पहचान की गई और इसे तुरंत हटाया गया। बाहरी व्यक्तियों की पहचान कर उनके दस्तावेज सत्यापित किए गए और दुकानों पर अतिक्रमण हटाया गया। ऋचा सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर नगर निगम अब सभी फड़-ठेला व्यवसायियों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन  करने के लिए सघन अभियान चलाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान आज (शुक्रवार)  भी जारी रहेगा।  इस दौरान आरटीओ प्रवर्तन गुरुदेव सिंह समेत नगर निगम और  परिवहन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। 

संबंधित समाचार