बरेली: रूट डायवर्जन के ट्रायल में व्यवस्था धड़ाम, शहर में सिर्फ जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। चौपुला चौराहा पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बन रहे फ्लाईओवर के निर्माण की वजह से लोगों की मुसीबतें रविवार से और बढ़ गईं। सेतु निगम के द्वारा 75 दिनों के ब्लॉक लेने और जल निगम के द्वारा सीवर लाइन बिछाने के काम की वजह से ट्रैफिक पुलिस ने …

बरेली, अमृत विचार। चौपुला चौराहा पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बन रहे फ्लाईओवर के निर्माण की वजह से लोगों की मुसीबतें रविवार से और बढ़ गईं। सेतु निगम के द्वारा 75 दिनों के ब्लॉक लेने और जल निगम के द्वारा सीवर लाइन बिछाने के काम की वजह से ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार से रूट डायवर्जन लागू किया है। रविवार को पुलिस ने रूट डायवर्जन का ट्रायल किया लेकिन ट्रायल में ही सारी हकीकत सामने आ गई। यातायात की सारी व्यवस्थाएं धड़ाम हो गईं।

रविवार के अवकाश में भी सिर्फ जाम ही जाम नजर आया। इससे पूरे दिन पब्लिक जाम से जूझती रही। लोगों ने गलियों से निकलने का प्रयास किया लेकिन वहां भी रास्ता नहीं मिल सका। रास्ता बंद होने से वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले भी लोग परेशान हुए। कई लोगों ने जान खतरे में डालकर बैरियर या पिलर से कूदकर निकलते नजर आए, जिसमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे।

ट्रैफिक पुलिस ने चौकी चौराहा, मिनी बाईपास और पटेल चौक से रूट डायवर्जन किया है। सिर्फ दो पहिया वाहनों और ऑटो-टैंपो को सवारियां लेकर आने की छूट दी गई है। रविवार सुबह को पुलिस ने चौकी चौराहा से आगे चौपुला तक कार, बाइक व ऑटो-रिक्शा को जाने की अनुमति दी। इसी तरह से सिविल लाइंस की ओर से आने वाले वाहनों को भी आने दिया गया।

चौकी चौराहा से आने वाले वाहन चौपुला चौक से नीचे से जाते हुए सिविल लाइंस की ओर भेजे गए लेकिन किला की ओर नहीं जाने दिया गया। सिर्फ बाइक सवारों को मालगोदाम रोड की ओर जाने दिया गया। इसी तरह से सिविल लाइंस की ओर से आने वाले वाहनों को चौकी चौराहा की ओर जाने दिया गया, लेकिन दोनों ओर से वाहन आने की वजह से जाम लगना शुरू हो गया। जिसके चलते बाद में ट्रैफिक को पीछे से रोकना पड़ गया।

इसी तरह से किला की ओर से आने वाले ट्रैफिक को चौपुला पुल होते हुए बदायूं रोड पर भेजा गया लेकिन कुछ लोग पुरानी पुलिस लाइंस के रास्ते बाइक निकालने लगे। यही नहीं बदायूं रोड के ऑटो-टैंपो गणेशनगर तक आने का प्लान बनाया था लेकिन ऑटो-टैंपो चौपुला पुल पर ही सवारियां भरने लगे, जिसकी वजह से जाम लग गया। सुभाषनगर की ओर से आने वाले ट्रैफिक को रेलवे कॉलोनी होकर गुजारा गया।

चौपुला की वजह से शहर के अन्य हिस्से प्रभावित
चौपुला पर रूट डायवर्जन का असर शहर के अन्य हिस्सों पर भी दिखने लगा है। रूट डायवर्जन की वजह से लोग दूसरे रास्तों से जा रहे हैं, जिसकी वजह से वहां भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। चौकी चौराहा, पटेल चौक, लाल फाटक, किला क्रासिंग समेत अन्य स्थानों पर भी जाम की स्थिति बनी रही। सबसे ज्यादा बुरा हाल सिटी स्टेशन से दूल्हे मियां की मजार तक रहा। यहां पर दोपहर में आधा घंटा भयंकर लंबा जाम लग गया। जाम में एक मंत्री की गाड़ी समेत कई एंबुलेंस भी फंस गईं। मंत्री की गाड़ी फंसने पर वायरलेस पर मैसेज फ्लेश होने लगा। जिसके बाद पुलिस पहुंची लेकिन काफी देर बाद जाम खुल सका।

संबंधित समाचार