बाराबंकी: 67 वर्षीय बुजुर्ग ने 13 साल की लड़की को घर में अकेला पाकर किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
बाराबंकी, अमृत विचार। असंद्रा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग ने किशोरी को घर में अकेला पाकर हवस का शिकार बना डाला। इस दौरान उधर से गुजरी किशोरी की चचेरी बहन ने यह सब देख परिजनों को बताया, वहीं किशोरी के हामी भरने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी वृद्ध को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना असंद्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की रात हुई। गांव की रहने वाली 13 साल की किशोरी के पिता काम पर बाहर गए थे वहीं मां अपने मायके में थी। इसी बीच रात के समय 67 वर्षीय जालपा दुबे किशोरी के घर पहुंचा और रुपये का लालच देने के बाद किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
इसी बीच उधर से गुजरी किशोरी की चचेरी बहन ने यह सब अपनी आंखों से देख लिया। वहीं पकड़े जाने के भय से वृद्धा वहां से फरार हो गया। शुक्रवार को परिजन घर पहुंचे तो उन तक यह घटना पहुंची। पूछताछ पर किशोरी ने भी पूरी बात और आरोपी का नाम लिया।
परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत थाना पुलिस से लिखित रूप में की, जिसके बाद किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। रेप की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही दुराचारी वृद्ध को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि किशोरी के साथ रेप की घटना हुई है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया गया है।
