शाहजहांपुर: फंदे पर लटके मिले युवक-युवती के शव, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर,अमृत विचार। युवती का शव पशुशाला में और युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। दोनों के परिजन एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। गांव में चर्चा है कि मामला प्रेम प्रसंग का है लेकिन दोनों के परिजन इस मामले में कुछ बोल नहीं रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थलों का …

शाहजहांपुर,अमृत विचार। युवती का शव पशुशाला में और युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। दोनों के परिजन एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। गांव में चर्चा है कि मामला प्रेम प्रसंग का है लेकिन दोनों के परिजन इस मामले में कुछ बोल नहीं रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थलों का मुआयना कर शवों को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई जा रही है।

थाना सिंधौली क्षेत्र के उमरापुर खमरिया निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि वह सोमवार शाम को अपनी बहन की बेटी की शादी में अपनी पत्नी और दो छोटी बेटियों को साथ लेकर पुवायां क्षेत्र के गांव टकेली गया था। घर में उसकी बड़ी बेटी और उससे छोटी एक बेटी रह गई थी।

आरोप है कि दोनों बेटियां रात करीब तीन बजे पशुओं को देखने गईं थीं। तभी वहां पहले से मौजूद गांव निवासी अनुज कुमार (25) ने पहले उसकी छोटी बेटी को पकड़ लिया। जब बड़ी बेटी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसको भी पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा। डर की वजह से छोटी बेटी घर में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

एक घंटे बाद जब वह हिम्मत करके घर के बाहर निकली तो पशुओं को बांधने वाले स्थान में बने कच्चे कमरे की धन्नी से उसकी बेटी का शव लटक रहा था। छोटी बेटी ने दराती से रस्सी काट दी लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बेटी की सूचना पर वह परिवार के साथ घर वापस आया और अनुज के घर गया लेकिन वह वहां मौजूद नहीं था।

उसकी पत्नी ने बताया कि अनुज भैंस को इलाज के लिए लेकर कहीं गया है। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने गांव के बाहर खेत में अनुज का शव एक पेड़ से फंदे से लटके हुए देखा। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।

युवती के पिता ने अनुज पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है जबकि अनुज की पत्नी प्रीति ने युवती के पिता पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। एसओ जगनारायण पांडेय ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

संबंधित समाचार