बदायूं: बारिश में नहीं डूबेगा शहर, 6.88 करोड़ खर्च करके पालिका ने की तैयारी

Amrit Vichar Network
Published By Preeti Kohli
On

बदायूं, अमृत विचार: बारिश में हर साल शहर जलभराव से जूझता है। नाले चोक होने की वजह से सड़कों पर पानी भरा रहता है। निस्तारण के नाम पर नगर पालिका की कार्रवाई नालों की सफाई तक ही सीमित रहती थी। इस बार से बारिश में जलभराव न हो इसको लेकर नगर पालिका बेहतर व्यवस्था बनाने को तैयार है।

शहर में 6.88 करोड़ रुपये से 14 नाले और 43 सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर नालों की सफाई भी चल रही है। नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रजा और पूर्व राज्यमंत्री आबिद रजा ने बताया कि वह निर्माण कार्यों का खुद निरीक्षण कर रहे हैं।

जरा सा पानी बरसने पर शहर के मुख्य मार्ग तालाब सरीके बन जाते थे। मुख्य मार्गों से लेकर गलियों में जलभराव की वजह से खासी परेशानी होती है। गलियों में घरों में पानी भर जाता था। निस्तारण के नाम पर नगर पालिका के पास बस नालों की सफाई का काम रहता था।

सड़कें बनवाने और नए नाले निर्माण के नाम पर बजट न होने की बात कही जाती थी, लेकिन इस बार शहर में बदलाव होता नजर आ रहा है। उम्मीद जताई जा ही है कि इस बार जलभराव नहीं होगा। पालिका चेयरमैन फात्मा रजा ने प्लान तैयार किया है। मुख्य मार्गों से लेकर मोहल्लों की गलियां बनवाने का काम चल रहा है। कई सड़कों की मरम्मत भी की जा रही है।

इसकी लागत छह करोड़ 88 लाख रुपये है। इसमें 4 करोड़ 4 लाख 33216 रुपये से नाले और 2.84 करोड़ रुपये से सड़कें बन रही हैं। चेयरमैन ने ठेकेदारों को पहले ही चेतावनी दी है कि अगर गुणवत्ता के साथ समझौता किया तो भुगतान रोका जाएगा और संस्था को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

हमारा उद्देश्य शहर को स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाना है। जहां वर्षों से नाला, सड़क और जल निकासी की समस्याएं थीं, अब वहां योजनाबद्ध तरीके से निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हम संकल्पित हैं। शहर में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। जो आगे भी जारी रहेंगे। शहरवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी- फात्मा रजा, नगर पालिका चेयरमैन

ये भी पढ़ें- बदायूं में आसमान से बरस रही आग, तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड

संबंधित समाचार